मथुरा। नगर आयुक्त जग प्रवेश के कड़े निर्देशों के पालन में नगर निगम मथुरा-वृंदावन द्वारा शहर को अतिक्रमण और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए एक बड़ा अभियान चलाया गया। बुधवार को औरंगाबाद ज़ोन के टाउनशिप चौराहे से लेकर टैंक चौराहे तक हुई इस प्रभावी कार्यवाही में निगम की टीम ने भारी मात्रा में अवैध सामान और प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त की।
नगर निगम की अधिकारी श्रीमती कल्पना सिंह चौहान के नेतृत्व में चली इस कार्यवाही के दौरान टीम ने टाउनशिप मार्ग से 21 अवैध होर्डिंग हटाए और सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 16 ढकेल, 4 स्टील रेलिंग और 6 तख़त जब्त कर ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरवाए। इसके साथ ही सरकार द्वारा प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ छापेमारी करते हुए लगभग 10 किलोग्राम पॉलीथिन भी बरामद की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों और व्यक्तियों पर मौके पर ही कार्यवाही करते हुए कुल 15,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
अभियान के दौरान ईटीएफ टीम लीडर विजय वीर सिंह और निगम के अन्य कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। नगर निगम ने इस कार्यवाही के माध्यम से सभी व्यापारियों और आम जनता को स्पष्ट चेतावनी दी है कि वे प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग तुरंत बंद कर दें और कपड़े या कागज के थैलों को अपनाएं। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि शहर को सुंदर और स्वच्छ बनाने के लिए इस तरह के अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे और दोबारा उल्लंघन पाए जाने पर और भी कठोर दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी।