मथुरा । गंगा दशहरा पर्व एवं ईद-उल-जुहा (बकरीद) के मद्देनज़र जनपद में शांति, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने नगर निगम, समस्त अधिशासी अधिकारियों, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित संबंधित विभागों को साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने, मुख्य चिकित्सा अधिकारी को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, यातायात पुलिस को सुदृढ़ ट्रैफिक प्रबंधन एवं पुलिस विभाग को चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठकें आयोजित करने, त्यौहार रजिस्टर का अवलोकन करने तथा पूर्व की समस्याओं के समाधान हेतु प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि माहौल खराब करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए और शरारती तत्वों को चिन्हित कर नोटिस जारी किया जाए।
सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश देते हुए डीएम ने अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा। नगर क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाने, मस्जिदों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने, नालों की सफाई, पेयजल एवं शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई के लिए पंचायत विभाग को सक्रिय रहने को कहा गया, जबकि नगर निगम एवं लोक निर्माण विभाग को सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को खुले ट्रांसफॉर्मरों की बैरिकेडिंग, लटके तारों को ठीक कराने एवं पोल की रैपिंग सुनिश्चित करने को कहा गया। स्वास्थ्य विभाग को प्रमुख स्थलों पर मेडिकल टीम, एंबुलेंस व मोटरसाइकिल एंबुलेंस तैनात करने के निर्देश दिए गए, वहीं अग्निशमन विभाग को भी सतर्क रहने को कहा गया। खाद्य सुरक्षा विभाग को खाद्य पदार्थों की नियमित सैंपलिंग व दुकानदारों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को आवारा पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी श्लोक कुमार ने नगर निगम को स्ट्रीट लाइट दुरुस्त रखने, प्रतिबंधित पशुओं पर निगरानी, लाउडस्पीकर की ध्वनि नियंत्रण, घाटों पर बैरिकेडिंग, गोताखोरों व सिविल डिफेंस वालंटियर्स की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यातायात व्यवस्था को लेकर एसपी ट्रैफिक को रूट डायवर्जन की जानकारी व्यापक स्तर पर प्रचारित करने, मार्गों का निरीक्षण करने एवं आवश्यकता अनुसार पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पुलिस अधिकारियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने एवं अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार, एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत, एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर आशना चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।