मथुरा। महानगर के वार्ड संख्या 40 (अर्जुनपुरा) के पार्षद धनंजय सिंह लोधी पर हुए जानलेवा हमले के बाद नगर निगम के पार्षदों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों में भारी रोष व्याप्त है। घटना के विरोध में शुक्रवार को पार्षदों का एक प्रतिनिधिमंडल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मथुरा से मिला और आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।
बताया गया कि 30 अप्रैल 2026 की रात करीब 9:30 बजे पार्षद धनंजय सिंह लोधी अपने आवास के बाहर खड़े थे। इसी दौरान चुनावी रंजिश के चलते रवि और दीपक (पुत्र रामबाबू) ने उन पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। पार्षद ने सूझबूझ दिखाते हुए किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई। इस संबंध में थाना गोविंद नगर में एफआईआर संख्या 0166/2026 दर्ज कराई गई है।
एसएसपी से मुलाकात के दौरान पार्षदों ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, कठोर कानूनी कार्रवाई तथा पार्षद को सुरक्षा प्रदान करने की मांग रखी। पार्षदों का कहना था कि यदि जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं रहेंगे, तो वे निर्भीक होकर जनता की सेवा कैसे कर पाएंगे। उन्होंने इस घटना को लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला बताया।
प्रतिनिधिमंडल में उपसभापति मुकेश सारस्वत, राजीव सिंह, मुन्ना मलिक, अंकुर गुर्जर, हनुमान गुर्जर, धर्मेश तिवारी, धर्मेश नौहवार, मुनेश दीक्षित, बृजेश खरे, यतेंद्र माहौर, नीरज वशिष्ठ , कुंजबिहारी भारद्वाज, नरेंद्र लोधी और सुधांशु खंडेलवाल सहित कई पार्षद व स्थानीय नागरिक शामिल रहे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम सक्रिय है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.