मथुरा । शहर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ संजय सूद एवं डॉ मीना सूद की पुत्री सौजन्या सूद ने देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थाओं में चयन पाकर मथुरा का नाम गौरवान्वित किया है। सौजन्या ने कॉमन एडमिशन टेस्ट 2025 में 99.84 प्रतिशताइल हासिल कर यह उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर सौजन्या का चयन भारतीय प्रबंधन संस्थान अहमदाबाद में हुआ है जो देश के शीर्ष और सबसे पुराने प्रबंधन संस्थानों में गिना जाता है। यहां प्रवेश के लिए कठिन परीक्षा और साक्षात्कार की प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है जिसमें केवल प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों को ही अवसर मिलता है।
सौजन्या दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की वर्ष 2024 बैच की सूचना प्रौद्योगिकी की छात्रा रही हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय निरंतर परिश्रम अनुशासन और अपने माता पिता के मार्गदर्शन को दिया है। भारतीय प्रबंधन संस्थान देश में प्रबंधन शिक्षा के सर्वोच्च केंद्र माने जाते हैं जहां एमबीए पीजीपी और शोध स्तर के पाठ्यक्रम संचालित किए जाते हैं। इनमें अहमदाबाद बेंगलुरु और कोलकाता प्रमुख संस्थान हैं।
सौजन्या की इस उपलब्धि पर आईएमए अध्यक्ष डॉ ब्रिजेंद्र तिवारी सचिव डॉ गौरव भारद्वाज वरिष्ठ चिकित्सक डॉ एसके वर्मन डॉ मुकेश जैन सहित अन्य चिकित्सकों ने उन्हें और उनके परिवार को बधाई दी है।