मथुरा। मंगलवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने पूरे शहर का मिजाज बदल दिया। पिछले कुछ दिनों से मौसम में उतार-चढ़ाव बना हुआ था, लेकिन आज आई तेज आंधी और बारिश ने वृज क्षेत्र में ठंडक घोल दी।
दोपहर करीब दो बजे के बाद आसमान में काले बादल छाने लगे और कुछ ही देर में दिन में ही अंधेरा सा छा गया। इसके बाद तेज रफ्तार हवाएं चलने लगीं, जिनसे शहर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बाजारों में दुकानों पर लगे बैनर, पोस्टर और साइन बोर्ड उड़कर इधर-उधर गिरने लगे। घरों की छतों पर रखा सामान भी हवा के साथ उड़ता नजर आया।
महिलाओं ने तुरंत घरों के बाहर सूख रहे कपड़े समेट लिए, जबकि कई स्थानों पर कपड़े हवा के साथ उड़ते देखे गए। कुछ ही देर में बारिश शुरू हो गई, जिससे लोग जहां थे वहीं रुककर बारिश थमने का इंतजार करते नजर आए।
इसी बीच शहर में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर चर्चाएं भी तेज हो गईं। लोग मौसम के इस अचानक बदलाव को लेकर तरह-तरह के कयास लगाते दिखे।
बेमौसम बारिश से जहां मौसम सुहावना हो गया, वहीं लोगों में उत्साह भी देखने को मिला। ठंडक बढ़ते ही दोपहर से ही देसी-विदेशी मदिरा की दुकानों पर भीड़ उमड़ पड़ी। इसके अलावा भांग और ठंडाई के शौकीन भी मौसम का आनंद लेते नजर आए।