मिशन टीला की फर्जी दस्तावेजों से कब्जाई गई 4.6 हेक्टेयर जमीन पर नगर निगम ने बाउंड्री कर किया कब्जा

मथुरा। मथुरा-वृंदावन नगर निगम क्षेत्र के कृष्णापुरी मिशन टीला स्थित खसरा संख्या 3193 (अ) एवं 3193 (ब) की करीब 4.6 हेक्टेयर भूमि को उपजिलाधिकारी न्यायालय के आदेश पर राज्य सरकार के नाम दर्ज कर दिया गया है। इसके बाद अब नगर निगम द्वारा उक्त भूमि को अपने कब्जे में लिया जा रहा है।
बताया गया है कि कुछ व्यक्तियों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर इस सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा था। मामले की जांच के बाद उपजिलाधिकारी न्यायालय ने भूमि को राज्य सरकार में दर्ज करने का आदेश दिया जिसके क्रम में अब विधिक कार्रवाई करते हुए जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया जा रहा है। इसी क्रम में नगर आयुक्त जग प्रवेश ने मौके पर पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। ज्ञात रहे कि उक्त जमीन पर कई पक्षों ने अपना कब्ज़ा कर रखा था। बीते साल इस जमीन पर कब्ज़ा को लेकर काफी फसाद हुआ था।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह, सहायक नगर आयुक्त कल्पना सिंह चौहान, अधिशासी अभियंता (निर्माण) अमरेंद्र गौतम, संबंधित राजस्व निरीक्षक सहित नगर निगम की प्रवर्तन टीम और अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।