16.50 लाख से सजी आन्यौर की चौपाल, विधायक-चेयरमैन ने किया लोकार्पण

16.50 लाख से सजी आन्यौर की चौपाल, विधायक-चेयरमैन ने किया लोकार्पण

ग्रामीणों ने फेंटा बांध कर किया स्वागत, विकास कार्यों का दिया आश्वासन
गोवर्धन। नगर पंचायत द्वारा गांव आन्यौर में नवसौंदर्यीकृत सार्वजनिक चौपाल का लोकार्पण रविवार दोपहर क्षेत्रीय विधायक ठाकुर मेघश्याम सिंह एवं चेयरमैन प्रभा देवी शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान स्थानीय सभासदों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
करीब 16 लाख 50 हजार रुपये की लागत से तैयार की गई इस चौपाल को आधुनिक स्वरूप दिया गया है, जिससे गांव के लोगों को सामाजिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी। लोकार्पण के दौरान विधायक और चेयरमैन ने शिलापट्ट का अनावरण कर चौपाल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने दोनों जनप्रतिनिधियों का फेंटा बांधकर और माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया।
विधायक ठाकुर मेघश्याम सिंह ने कहा कि नगर पंचायत के साथ मिलकर क्षेत्र में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं और आगे भी ग्रामीणों की जरूरतों के अनुसार कार्य होते रहेंगे। उन्होंने गांव की पेयजल समस्या सहित अन्य समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।
वहीं चेयरमैन प्रभा देवी शर्मा ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और जल्द ही पेयजल समेत अन्य विकास कार्यों को भी गति दी जाएगी। इस अवसर पर चेयरमैन प्रतिनिधि मनीष लंबरदार, सभासद धर्मेंद्र सिंह, राकेश सिंघानिया, सुरेंद्र गुप्ता (बिरजो), महेश ठाकुर, मुकेश ठाकुर, लक्ष्मण सिंह, नंदकिशोर ठाकुर, भूरा पहलवान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
चौपाल के सौंदर्यीकरण से गांव आन्यौर को सामाजिक गतिविधियों के लिए एक बेहतर और सुसज्जित केंद्र मिल गया है।