मथुरा में आयकर विभाग का बड़ा शिकंजा: समृद्धि ज्वैलर्स सहित एक साथ 5 जगह छापे, मचा हड़कंप

चौक बाजार के ज्वैलर्स पर कार्रवाई से बाजार में अफरा-तफरी, कृष्णानगर शोरूम भी जांच के दायरे में, व्यापारियों में दहशत, बाजार पर पड़ा असर

मथुरा। शहर में बुधवार को आयकर विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी से सर्राफा बाजार में हड़कंप मच गया। चौक बाजार स्थित बृजवासी कॉम्प्लेक्स में समृद्धि ज्वैलर्स की दुकान पर टीम ने अचानक दबिश दी जिससे आसपास के व्यापारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूत्रों के अनुसार आयकर विभाग की टीम ने समृद्धि ज्वैलर्स के कृष्णानगर स्थित शोरूम पर भी पहुंचकर गहन जांच की। दस्तावेजों और लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि पुराने संगीत सिनेमा के पास स्थित एक स्वर्ण आभूषण निर्माण फैक्ट्री पर भी विभाग ने छापा मारा। यहां पर उत्पादन और स्टॉक से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है।
इनकम टैक्स विभाग के सूत्रों के मुताबिक मथुरा में एक साथ पांच स्थानों पर कार्रवाई की गई है। टीम अलग-अलग जगहों पर पहुंचकर जांच में जुटी हुई है।
लगातार चल रही छापेमारी से सर्राफा कारोबारियों में दहशत का माहौल है। कई व्यापारियों ने एहतियातन अपनी दुकानें बंद कर दीं, जिससे बाजार की रौनक पर भी असर देखने को मिला। दुकानदार अपनी अपनी दुकाने बंद कर चाय की दुकानों पर जाकर बैठ गए।
फिलहाल आयकर विभाग की टीमें दस्तावेजों, स्टॉक और लेन-देन की गहन जांच कर रही हैं। अधिकारियों की ओर से अभी तक आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन कार्रवाई को बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी से जोड़कर देखा जा रहा है। सूत्र बताते है कि समृद्धि ज्वैलर्स के अलीगढ़ स्थित शोरूम पर भी चैकिंग हुई है। कार्यवाही के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी मौजूद थे।