मथुरा में बरेली हाईवे पर चलती बस में लगी भीषण आग, 38 स्कूली बच्चों की जान बाल-बाल बची

मथुरा। बुधवार दोपहर भरतपुर–बरेली हाईवे पर रिफाइनरी थाना क्षेत्र के गांव बाद के समीप एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक स्कूली बस में अचानक भीषण आग लग गई। बस में बलदेव पब्लिक स्कूल के 38 बच्चे सवार थे जिन्हें समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसारसभी बच्चे केंद्रीय विद्यालय मथुरा से सीबीएसई इंटरमीडिएट की परीक्षा देकर लौट रहे थे। जैसे ही बस बरेली हाईवे पर गांव बाद के पास पहुंची उसके पिछले हिस्से से अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
इसी दौरान पीछे से कार से गुजर रहे मांट थाना में तैनात सत्येंद्र सिंह (उपनिरीक्षक) ने तत्परता दिखाते हुए बस को तुरंत रुकवाया। उन्होंने और स्थानीय लोगों ने मिलकर सभी बच्चों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला। हादसे के बाद बच्चों को अन्य वाहनों की मदद से उनके घरों तक पहुंचाया गया।
घटना के बाद बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। जली हुई बस की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि आग असामान्य रूप से तेजी से फैली जिससे किसी ज्वलनशील पदार्थ के उपयोग की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।