बांकेबिहारी मंदिर में अव्यवस्था पर भड़के श्रद्धालु: सुरक्षाकर्मियों पर धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार का आरोप
वृंदावन। विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन की व्यवस्थाएं एक बार फिर सवालों के घेरे में हैं। सोमवार को दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में तैनात निजी सुरक्षाकर्मियों पर धक्कामुक्की और अभद्र व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सुरक्षाकर्मी श्रद्धालुओं को तेजी से आगे धकेलते नजर आ रहे हैं।
दर्शन करने आई एक महिला श्रद्धालु ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि भीड़ नियंत्रण के नाम पर गार्ड्स श्रद्धालुओं के साथ बदसलूकी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि “हम दूर-दराज से अटूट आस्था लेकर आते हैं लेकिन मंदिर के अंदर हमें कुछ सेकंड भी शांति से खड़ा नहीं होने दिया जाता। गार्ड्स इतनी जोर से धकिया रहे हैं कि महिलाओं और बुजुर्गों को संभलना मुश्किल हो रहा है।
भीड़ के दबाव को देखते हुए पुलिस और मंदिर प्रशासन ने प्रवेश मार्गों पर जगह-जगह होल्डिंग बैरियर और रस्से लगाकर श्रद्धालुओं को रोका। इस कारण दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं और लोग घंटों इंतजार में व्याकुल दिखे। स्थिति यह रही कि भीड़ और अव्यवस्था से परेशान होकर कई श्रद्धालुओं को बिना दर्शन किए ही बैरंग लौटना पड़ा।
मंदिर के अंदर सेवायतों में भी गहरा असंतोष देखा गया। सेवायतों का आरोप है कि मंदिर प्रबंधन ने वीआईपी कटघरे में सेवायतों के यजमानों का प्रवेश वर्जित कर रखा है, जो सदियों पुरानी परंपरा के खिलाफ है। दूसरी ओर, पुलिस और सुरक्षाकर्मी वीआईपी प्रोटोकॉल के नाम पर अपने करीबियों को लगातार दर्शन करा रहे हैं। सेवायतों ने इसे दोहरी नीति और परंपराओं के साथ खिलवाड़ बताया है।
मंदिर के अंदर सुरक्षाकर्मियों द्वारा श्रद्धालुओं को धक्का देने का वीडियो वायरल होने के बाद मंदिर प्रबंधन की कार्यशैली पर सवालिया निशान लग गए हैं। श्रद्धालुओं ने मांग की है कि प्रशासन भीड़ प्रबंधन के लिए मानवीय तरीका अपनाए ताकि भक्तों की आस्था को ठेस न पहुंचे।