ब्रज नर्सिंग होम में जच्चा-बच्चा की मौत, परिजनों का हंगामा

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कराया मामला शांत
मथुरा। शहर के थाना कोतवाली क्षेत्र की चौकी बाग बहादुर इलाके में स्थित ब्रज नर्सिंग होम में शुक्रवार को जच्चा-बच्चा की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया।
परिजनों के अनुसार गोवर्धन क्षेत्र के गांव पाडल निवासी दीपा (32) पत्नी खेमचंद को शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे प्रसव पीड़ा होने पर ब्रज नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि सुबह से शाम तक डॉक्टरों द्वारा डिलीवरी को सामान्य बताया जाता रहा, लेकिन शाम करीब 6:30 बजे अचानक जच्चा और बच्चे दोनों की मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में मौजूद परिजन आक्रोशित हो उठे और डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। करीब एक घंटे तक अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
बताया गया है कि दीपा की यह तीसरी डिलीवरी थी। इससे पहले उसके दो बच्चे सामान्य प्रसव से हुए थे। जच्चा-बच्चा की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मृतका का पति खेमचंद मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है। मां की मौत के बाद दो छोटे बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है।
वहीं अस्पताल के डॉ. अवधेश अग्रवाल ने बताया कि परिजन महिला को पहले गोवर्धन के एक निजी अस्पताल लेकर गए थे जहां बच्चे की पहले ही मौत हो चुकी थी। बाद में महिला को गंभीर हालत में ब्रज नर्सिंग होम लाया गया था। अस्पताल में सुबह से उसका उपचार किया जा रहा था और परिजनों को स्थिति की जानकारी भी दी जाती रही लेकिन दुर्भाग्यवश महिला को भी नहीं बचाया जा सका।
घटना की सूचना मिलने पर थाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगी है।