कान्हा की नगरी में मुख्यमंत्री योगी का कल दौरा, कई परियोजनाओं पर होगी अहम चर्चा

 

मथुरा। कान्हा की नगरी वृंदावन में शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री का दौरा प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संबंधित स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री शनिवार सुबह आगरा में यथार्थ अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वह हेलीकॉप्टर से सीधे वृंदावन के पवनहंस हेलीपैड पर पहुंचेंगे। यहां से मुख्यमंत्री कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे।

सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री ब्रज तीर्थ विकास परिषद की आठवीं बोर्ड बैठक की अध्यक्षता करेंगे। मुख्यमंत्री स्वयं उत्तर प्रदेश तीर्थ विकास परिषद के अध्यक्ष भी हैं इसलिए इस बैठक को ब्रज क्षेत्र के विकास के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि यह बैठक वृंदावन स्थित गीता शोध संस्थान में होगी ।

बैठक में ब्रज क्षेत्र के विकास कार्यों तीर्थ स्थलों के सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के विषयों पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा मुख्यमंत्री बिहारी जी मंदिर और श्रीकृष्ण जन्मस्थान के दर्शन भी कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में वृंदावन में बनाए गए पर्यटन थाना और एक नए हॉल का फीता काटकर उद्घाटन भी शामिल बताया जा रहा है। साथ ही वृंदावन के प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर यानी गलियारा निर्माण परियोजना पर भी चर्चा होने की संभावना है।

बैठक में मथुरा वृंदावन की बिगड़ती यातायात व्यवस्था और उसे बेहतर बनाने के उपाय भी प्रमुख मुद्दों में शामिल रह सकते हैं। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए प्रशासन ने सभी व्यवस्थाएं लगभग पूरी कर ली हैं और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।