छाता में उपचार के दौरान गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप, ग्रामीण की मौत पर हंगामा

 

मथुरा। जनपद के छाता क्षेत्र के गांव सेवलगढ़ निवासी एक व्यक्ति की उपचार के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से परिजनों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने निजी चिकित्सक पर गलत इंजेक्शन लगाने और लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार गांव सेवलगढ़ निवासी 50 वर्षीय विजय सिंह पुत्र विधूराम के पैर में चोट थी तथा वे पेट दर्द से भी परेशान थे। शनिवार देर शाम वे उपचार के लिए छाता के पैगांव रोड स्थित एक निजी क्लिनिक पर पहुंचे। मृतक के भतीजे रतन सिंह का आरोप है कि चिकित्सक द्वारा इंजेक्शन लगाए जाने के बाद विजय सिंह की हालत अचानक बिगड़ गई।

परिजनों का आरोप है कि स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टर ने सही जानकारी नहीं दी और मरीज को बाइक पर बैठाकर केडी अस्पताल ले गया। इस दौरान मरीज के पैर सड़क पर घिसटते रहे। केडी अस्पताल पहुंचाने के बाद डॉक्टर ने परिजनों को सूचना दी, लेकिन वहां पहुंचने पर विजय सिंह मृत मिले।

घटना से आक्रोशित परिजन शव को लेकर पहले छाता कोतवाली पहुंचे और बाद में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर एकत्रित होकर आरोपी चिकित्सक के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों ने निजी डॉक्टर पर लापरवाही और गलत उपचार का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने मामला संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।