मथुरा में खूनी शराब पार्टी: मजदूरी के पैसे मांगे तो ईंटों से कुचलकर मजदूर को उतारा मौत के घाट
दामोदर नगर में खौफनाक वारदात, साथी को मरणासन्न कर पिता-पुत्र फरार
मथुरा। धर्मनगरी के सदर थाना क्षेत्र में सोमवार की रात उस वक्त चीख-पुकार मच गई जब मजदूरी के चंद रुपयों के विवाद में एक मजदूर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। दामोदर नगर में चली शराब पार्टी के बीच हुए खूनी संघर्ष में आरोपियों ने ईंटों से कुचलकर हरिओम नाम के युवक की जान ले ली जबकि उसके साथी को अधमरा कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता-पुत्र मौके से फरार हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक दामोदर नगर निवासी हरिओम और मनोज मजदूरी का काम करते थे। हरिओम सोमवार रात करीब 10 बजे अपने मजदूरी के पैसे मांगने के लिए गांव के ही एक पिता-पुत्र के घर गया था। वहां पहले से शराब पार्टी चल रही थी। रुपयों के लेन-देन को लेकर बातचीत शुरू हुई जो देखते ही देखते गाली-गलौज और हाथापाई में बदल गई।
आरोपियों ने हरिओम को घर में ही बंधक बना लिया। जब काफी देर तक हरिओम नहीं लौटा तो उसका साथी मनोज भी वहां पहुंच गया। आरोपियों ने उसे भी पकड़ लिया और कमरे में बंद कर दिया।
नशे में धुत पिता-पुत्र पर खून सवार था। उन्होंने हरिओम और मनोज पर भारी ईंटों से ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। हरिओम के सिर और चेहरे पर ईंटों से तब तक वार किए गए जब तक उसकी सांसें नहीं थम गईं। बीच-बचाव करने आए मनोज को भी मरणासन्न हालत में छोड़कर आरोपी फरार हो गए।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने दोनों को लहूलुहान हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने हरिओम को मृत घोषित कर दिया। वहीं मनोज की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे आगरा हायर सेंटर रेफर किया गया है।
”मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों के घर पर ताला लगा हुआ है और वे फरार हैं। पुलिस की टीमें उनकी तलाश में दबिश दे रही हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
— सुधीर कुमार, थाना प्रभारी (सदर)