मथुरा में खाकी का मजाक बनाना पड़ा भारी: इंस्टाग्राम पर पुलिस स्टेशन की ‘बोली’ लगाने वाला चढ़ा पुलिस के हत्थे!
मथुरा (गोवर्धन)। सोशल मीडिया पर रील और शोहरत के चक्कर में कानून की मर्यादा भूलना एक युवक को भारी पड़ गया। जिस खाकी के दम पर इलाके में अमन-चैन कायम रहता है, उसी खाकी और पूरे थाने की नीलामी का वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल करने वाले ‘दुस्साहसी’ युवक को गोवर्धन पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है। बीते दिनों इंस्टाग्राम पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसने पुलिस महकमे में खलबली मचा दी थी। इस वीडियो में आरोपी ने मर्यादा की सारी हदें पार करते हुए हवलदार की बोली 1000 रुपये, इंस्पेक्टर की 10,000 रुपये और पूरे पुलिस स्टेशन की बोली 1 लाख रुपये लगा दी थी। पुलिस को खुली चुनौती देने वाले इस कृत्य को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी मथुरा के निर्देशन में टीम गठित की गई थी।
गोवर्धन पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी करते हुए गाँठौली-देवसेरस बम्बा की पुलिया के पास से अभियुक्त रोबिन पुत्र रईस (20 वर्ष) को धर दबोचा। पकड़े गए अभियुक्त के पास से पुलिस ने एक अवैध तमंचा कारतूस बरामद किया है। थाना प्रभारी निरीक्षक भगवत सिंह गुर्जर के नेतृत्व में उप-निरीक्षक गौरव शर्मा व टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ मु.अ.सं. 72/2026 धारा 9/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। ”कानून और वर्दी का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सोशल मीडिया पर सनसनी फैलाने के चक्कर में अपराध करने वालों के खिलाफ गोवर्धन पुलिस की यह सख्त चेतावनी है।”