गोवर्धन (मथुरा)। थाना गोवर्धन क्षेत्र के गांव पेठा में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शादी की रस्में पूरी होने के बीच एक दूल्हा चकमा देकर फरार हो गया। दो सगी बहनों की शादी का जश्न देखते ही देखते सन्नाटे और आंसुओं में तब्दील हो गया। हाथों में मेहंदी रचाए बैठी दुल्हनें और मेहमान इस धोखे से स्तब्ध रह गए।
जानकारी के मुताबिक, राजस्थान के कामां (सतवास) से दो भाई बारात लेकर पेठा पहुंचे थे। दावत और जयमाला तक सब कुछ सामान्य था। लेकिन फेरों के ठीक पहले बड़े दूल्हे ने ‘लघुशंका’ का बहाना बनाया और स्टेज से उतरा। जब वह काफी देर तक नहीं लौटा, तो परिजनों ने तलाश शुरू की। पता चला कि दूल्हा शादी के बंधन में बंधने के बजाय मौके से भाग निकला है।
इस शर्मनाक हरकत से लड़की पक्ष की साख और भावनाओं को गहरी चोट पहुंची है। पीड़ित परिजनों का कहना है कि उन्होंने अपनी सामर्थ्य से बढ़कर इंतजाम किए थे, लेकिन इस धोखे ने उन्हें समाज में कहीं का नहीं छोड़ा। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लड़के पक्ष के कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। यह घटना केवल एक विवाह का टूटना नहीं, बल्कि सामाजिक नैतिकता का पतन है। इस पर विचार करना आवश्यक है। इस तरह की घटनाओं में शामिल लोगों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि कोई भविष्य में किसी की भावनाओं और प्रतिष्ठा के साथ खिलवाड़ न कर सके।