नगर आयुक्त ने परखीं वार्ड 61 और 64 की व्यवस्थाएं, सीवर और सौंदर्यीकरण पर दिया जोर

​मथुरा। मंगलवार को वार्ड संख्या 61 (चौबिया पाड़ा) और वार्ड संख्या 64 (घाटी बहालराय) का नगर आयुक्त ने सघन स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने होली गेट से द्वारकाधीश मंदिर क्षेत्र और वार्ड 61 से हरि गुरु पार्क तक पैदल भ्रमण कर नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया।
​निरीक्षण के दौरान मार्केट क्षेत्र की सुव्यवस्था, सौंदर्यीकरण और प्रकाश व्यवस्था का अवलोकन किया गया। नगर आयुक्त ने अधिशासी अभियंता राम कैलाश को निर्देशित किया कि क्षेत्र में कहीं भी सीवर ओवरफ्लो की स्थिति नहीं दिखनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी मैनहोल सुरक्षित और दुरुस्त रहें और लीकेज की समस्या का तत्काल समाधान किया जाए। अधिकारियों को इसकी नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए गए हैं।
​नगर आयुक्त ने निर्माण विभाग को द्वारकाधीश मंदिर के आसपास की नालियों को व्यवस्थित रूप से कवर करने के निर्देश दिए। साथ ही हरि गुरु पार्क में स्थानीय निवासियों और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के बैठने के लिए चबूतरे का निर्माण कराने को कहा है।
भ्रमण के दौरान वार्ड 64 के पार्षद बालकिशन पाठक, वार्ड 61 के पार्षद प्रतिनिधि रामकिशन पाठक, अधिशासी अभियंता जल राम कैलाश, अवर अभियंता जल अजय और अवर अभियंता निर्माण इमरान मुख्य रूप से उपस्थित रहे।