मथुरा साइबर पुलिस का बड़ा एक्शन, ऑनलाइन ठगी के शिकार युवक को 3 लाख 14 हजार रुपये वापस कराए

मथुरा। साइबर पुलिस ने शानदार कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन ठगी का शिकार हुए एक युवक को 3 लाख 14 हजार रुपये वापस दिलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई जिससे आम जनता में पुलिस के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है।

गोरखपुर निवासी विनीत शुक्ला वर्तमान में गोवर्धन की राधेश्याम कॉलोनी में रहते हैं। दस दिसंबर को उनके मोबाइल पर एक संदिग्ध लिंक आया। लिंक के जरिए एपीके फाइल डाउनलोड होते ही उनका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद साइबर ठगों ने उनके क्रेडिट कार्ड से 3 लाख 14 हजार रुपये का अवैध लेनदेन कर लिया।

धोखाधड़ी का पता चलते ही पीड़ित ने तत्काल साइबर थाने में संपर्क कर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। साइबर थाना प्रभारी रफत मजीत ने बताया कि एसएसपी श्लोक कुमार के निर्देश पर मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई की। तकनीकी साक्ष्यों और डिजिटल डाटा का गहन विश्लेषण किया गया। संबंधित बैंक और एजेंसियों से समन्वय स्थापित कर ठगों द्वारा ट्रांसफर की गई पूरी राशि समय रहते फ्रीज कराकर पीड़ित के खाते में वापस कराई गई।

राशि वापस मिलने पर विनीत शुक्ला ने साइबर पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि यदि समय पर मदद न मिलती तो उनकी मेहनत की कमाई हमेशा के लिए चली जाती।

साइबर थाना प्रभारी ने आम जनता से अपील की कि किसी भी संदिग्ध लिंक एपीके फाइल कॉल या मैसेज से सावधान रहें। बैंकिंग क्रेडिट कार्ड और ओटीपी से जुड़ी जानकारी किसी से साझा न करें। किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।