वृंदावन संरक्षण गृह से पांच किशोरियां फरार, प्रशासन में हड़कंप

रातोंरात गायब हुई लड़कियां, दो घर पहुंचीं तीन की तलाश जारी

वृंदावन। राजकीय बालिका संरक्षण गृह से 14 से 17 वर्ष आयु की पांच किशोरियां सोमवार रात अचानक फरार हो गईं। लड़कियों के गायब होने की जानकारी मिलते ही संरक्षण गृह में अफरा तफरी मच गई। कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी जिसके बाद पुलिस ने तलाश शुरू कर दी।
चैतन्य विहार कॉलोनी स्थित राजकीय बालिका संरक्षण गृह की अधीक्षिका गायत्री मिश्रा ने बताया कि संरक्षण गृह में रह रही पांच किशोरियां गायब हो गई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में खलबली मच गई।
एसएसपी श्लोक कुमार प्रशासनिक अधिकारियों के साथ संरक्षण गृह पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। सदन प्रभारी गायत्री मिश्रा के अनुसार रात साढ़े दस से ग्यारह बजे के बीच थाना महावन क्षेत्र के गांव चौथाईया निवासी नौहझील क्षेत्र के गांव बाहाद गढ़ी निवासी दिल्ली पहाड़गंज के मुल्तानी बाड़ा निवासी और अलीगढ़ के पनेठी निवासी संरक्षण गृह से निकल गईं। सीसीटीवी फुटेज में किशोरियां कंबल ओढ़कर बाहर जाती हुई दिखाई दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार दो किशोरियां अपने घर पहुंच चुकी हैं जबकि तीन किशोरियों के बारे में अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस टीमें संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं और परिजनों से भी संपर्क किया जा रहा है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने संरक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच शुरू कर दी है।