कंबल वितरण के साथ ‘पंचायत दर्पण’ पुस्तक का भव्य विमोचन

हयातपुर में विकास, सेवा और संस्कारों का संगम

हयातपुर (मथुरा) । मकर संक्रांति के पावन अवसर पर ग्राम हयातपुर में विकास और सेवा का ऐतिहासिक संगम देखने को मिला। इस अवसर पर डॉ. कुलदीप सारस्वत द्वारा लिखित पुस्तक “पंचायत दर्पण” का भव्य विमोचन किया गया वहीं पंचायत प्रधान प्रतिनिधि के नेतृत्व में निराश्रित और जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित कर मानवता की मिसाल पेश की गई। कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रबुद्धजन, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ओ.पी. उपाध्याय एड. एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। पुस्तक विमोचन अवसर पर डॉ. अखिलेश यादव ने कहा कि “पंचायत दर्पण केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास का जीवंत दस्तावेज है, जो आने वाली पीढ़ियों को गांव की प्रगति और कार्यसंस्कृति से परिचित कराएगा।
मुख्य अतिथि ओ.पी. उपाध्याय ने कहा कि वर्तमान पंचवर्षीय कार्यकाल में पंचायत में जो विकास कार्य हुए हैं, वे पूर्व वर्षों में कभी देखने को नहीं मिले। उन्होंने प्रधान प्रतिनिधि से इसी निष्ठा और समर्पण के साथ विकास कार्य जारी रखने का आह्वान किया और ग्रामवासियों के पूर्ण समर्थन की बात कही।

प्रधान प्रतिनिधि ठाकुर विष्णु परमार ने अपने संबोधन में कहा कि यह पुस्तक हयातपुर की जनता के विश्वास और बीते वर्षों में हुए अभूतपूर्व विकास कार्यों का प्रमाण है। उन्होंने लेखक डॉ. कुलदीप सारस्वत की प्रशंसा करते हुए कहा कि कलम के माध्यम से गांव के गौरव को संजोना एक पुनीत और प्रेरणादायी कार्य है।
ब्लॉक प्रमुख प्रतीक भरंगर ने भी मंच से पंचायत के साथ हमेशा खड़े रहने की बात कहते हुए हयातपुर के विकास मॉडल की सराहना की।

विमोचन समारोह के साथ-साथ सेवा कार्यों ने कार्यक्रम को और भी विशेष बना दिया। मकर संक्रांति के अवसर पर प्रधान प्रतिनिधि ठा. विष्णु परमार एवं अतिथियों द्वारा सैकड़ों बुजुर्गों व जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए गए। कड़ाके की ठंड में कंबल पाकर बुजुर्गों के चेहरे खिल उठे ।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से श्रीहित रामप्रकाश भारद्वाज, ब्रज ग्रुप के डायरेक्टर राघव , सुनील सारस्वत, ओमप्रकाश सारस्वत, ओ.पी. सारस्वत, विनोद उपाध्याय, ब्रज बल्लभ सारस्वत, बंटू सारस्वत, महेश उपाध्याय, रजत सारस्वत, प्रमोद सारस्वत एवं रविश सारस्वत सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अंत में प्रधान प्रतिनिधि विष्णु परमार ने सभी अतिथियों व ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “पंचायत दर्पण” का उद्देश्य पंचायत राज व्यवस्था को और अधिक मजबूत करना तथा विकास कार्यों में पारदर्शिता स्थापित करना है।