ई-रिक्शा चालकों के उत्पीड़न को लेकर सपा बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी का नगर निगम पर प्रदर्शन, मांग पत्र सौंपा
मथुरा। समाजवादी पार्टी बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी के महानगर अध्यक्ष रमेश सैनी के नेतृत्व में समाजवादियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने भूतेश्वर स्थित नगर निगम कार्यालय पहुंचकर सहायक नगर आयुक्त राकेश त्यागी से वार्ता की। इस दौरान नगर निगम मथुरा–वृंदावन प्रशासन द्वारा ई-रिक्शा व ऑटो चालकों के साथ रूट वितरण व यातायात नियमों के नाम पर हो रहे सामाजिक मानसिक आर्थिक व शारीरिक उत्पीड़न और शोषण को लेकर सात सूत्रीय खुला मांग पत्र सौंपा गया।
प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि गरीब मजदूर ई-रिक्शा व ऑटो चालकों से मनचाहा रूट देने के नाम पर तीन हजार रुपये तक की अवैध वसूली की जा रही है, जिसे तत्काल बंद किया जाए। साथ ही अवैध वसूली में संलिप्त कर्मचारियों के खिलाफ जांच कर विभागीय कार्रवाई की मांग की गई। नेताओं ने कहा कि यात्रियों को बैठाने व उतारने के लिए पार्किंग स्टैंड और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराए बिना नगर निगम द्वारा टैक्स वसूलना गैरकानूनी है।
मांग पत्र में पुलिस द्वारा ई-रिक्शा चालकों के साथ किए जा रहे चालान के नाम पर अवैध वसूली पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई। इसके अलावा रेलवे स्टेशन व अन्य स्थानों पर जबरन वसूली करने मना करने पर गाली-गलौज व मारपीट करने वाले गुंडों के खिलाफ कठोर और दंडात्मक कार्रवाई की मांग उठाई गई। नेताओं ने ब्रज के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर दर्शन व भ्रमण के लिए आने वाले यात्रियों के हित को ध्यान में रखते हुए ई-रिक्शा चालकों की गहन जांच कर विशेष ‘ब्रज दर्शन रूट’ आवंटित करने तथा नगर निगम द्वारा चालकों को विशेष पहचान पत्र जारी करने की भी मांग की। साथ ही पूर्व में कथित कंपनियों व अन्य लोगों द्वारा ई-रिक्शा चालकों से की गई वसूली की जांच कर दोषियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
वार्ता के दौरान महानगर अध्यक्ष रमेश सैनी के साथ पूर्व विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद लोधी महानगर उपाध्यक्ष देवेंद्र निषाद ऋषि अग्निहोत्री और सुमित पटेल मौजूद रहे। सभी नेताओं ने संयुक्त रूप से मांग की कि सात सूत्रीय मांगों पर शीघ्र संज्ञान लेते हुए गरीब मजदूर ई-रिक्शा चालकों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण कर उन्हें न्याय दिलाया जाए।