बिना पासपोर्ट भारत में रहने वाला नाइजीरियाई नागरिक गिरफ्तार, मादक पदार्थों की करता था सप्लाई

मथुरा। बिना पासपोर्ट के भारत में रह रहे मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक नाइजीरियाई नागरिक को उ.प्र. एएनटीएफ ऑपरेशनल यूनिट आगरा पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी मथुरा जनपद की नौहझील थाने की पुलिस द्वारा बाजना कट से पकडे गए अभियुक्त वकार और फैजान से पूछताछ के बाद की गई है। इनके कब्जे से एक किलोग्राम हेरोइन जैसा मादक पदार्थ भी बरामद हुआ है। उत्तर प्रदेश पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स आगरा ज़ोन ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के रैकेट में शामिल एक नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी पूर्व में मथुरा में पकड़े गए दो तस्करों से पूछताछ और गहन विवेचना के आधार पर की गई है। इस मामले में बीती 08 अक्टूबर को थाना नौहझील निरीक्षक हरवेंद्र मिश्रा द्वारा एक्सप्रेस वे के बाजना कट से वकार और फैजान को गिरफ्तार किया गया था। उनके कब्जे से करीब 1 किलोग्राम हेरोइन जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया था। उक्त दोनों से पूछताछ में खुलासा हुआ था कि उन्हें यह मादक पदार्थ एक नाइजीरियाई युवक द्वारा सप्लाई किया गया था। उक्त अभियोग की विवेचना उपनिरीक्षक गौरव शर्मा एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की जा रही थी। गहन तकनीकी और भौतिक विवेचना के उपरांत मादक पदार्थ के मुख्य सप्लायर की पहचान नाइजीरियाई नागरिक के रूप में हुई।
गिरफ्तारी के उपरांत जाँच में यह ज्ञात हुआ कि अभियुक्त आईके प्रिंस एक विदेशी नागरिक है और वह बिना किसी वैध पासपोर्ट अथवा वीज़ा के अवैध रूप से भारत में निवास कर रहा था ।