भाजपा से बड़ा कोई किसान हितैषी नहीं : राजेश

मथुरा । शीतकालीन सत्र में विधानसभा में राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम पर चर्चा के दौरान भाजपा विधायक राजेश चौधरी ने वंदे मातरम पर बोलते हुए विपक्ष को आड़े हाथों लिया।
विधायक ने सदन में अपने संबोधन में कहा कि वंदे मातरम में हर भारतीय का प्राण बसता है। इसी गीत ने आजादी के दीवानों के अंदर जोश और जुनून पैदा किया। स्वतंत्रता आंदोलन में इसी गीत ने आजादी के दीवानों को नई प्रेरणा देने का कार्य किया। इस राष्ट्रगीत में हर भारतीय की भावनाएं छुपी हुई है।बड़े ही दुर्भाग्य का विषय है कि सदन में वंदे मातरम पर चर्चा चल रही है और विपक्ष अन्य मुद्दों पर चर्चा कर रहा है। वंदे मातरम गीत के दौरान धर्म विशेष के लोग सदन छोड़कर चले जाते हैं। निश्चित रूप से यह दर्शाता है कि उनकी वंदे मातरम में कितनी आस्था है। जिस समय भारत का बंटवारा हुआ उस समय धर्म के नाम पर बंटवारा हुआ था। इस्लाम को मानने वाले लोग पश्चिमी पाकिस्तान और पूर्वी पाकिस्तान में चले गए। यहां रह रहे इस्लाम को मानने वाले लोगों का धर्म के आधार पर पाकिस्तान में कुछ ना कुछ हक तो जरूर बनता है। उन्होंने सपा नेता कमाल अख्तर पर तंज करते हुए कहा कि उन्होंने अपने संबोधन में राष्ट्रगीत से ऊपर धर्म को माना। यह कितनी हास्यास्पद बात है कि इन लोगों को राष्ट्र से बढ़कर धर्म दिखाई देता है। किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि भाजपा से बड़ा कोई किसान हितैषी नहीं है। प्रदेश की योगी सरकार ने गन्ना मूल्य को बढ़ाने से लेकर अनेक कार्य किसान हित में किए हैं। सपा शासन के दौरान प्रदेश में खुलेआम लूट और गुंडागर्दी का आलम था। भ्रष्टाचार चरम पर था।

प्रदेश की जनता ने सपा के कुशासन से तंग आकर एक बार नहीं दो-दो बार भाजपा को प्रचंड बहुमत देकर प्रदेश की बागडोर सौंपी है। उन्होंने विपक्ष के सदस्यों की ओर इशारा करते हुए तल्ख लहजे में कहा कि जनता आपसे इतनी तंग आ चुकी है कि 2027 में भी आपको विपक्ष में ही बैठना पड़ेगा। भाजपा हमेशा राष्ट्र को सर्वोपरि मानती है और राष्ट्र को ही सर्वोपरि मानती रहेगी। इसी राष्ट्रवादी विचारधारा को लेकर आने वाले 2027 चुनाव में जनता के बीच जाएंगे और आपको और संकुचित करने का काम करेंगे।