उत्तर प्रदेश कबड्डी लीग में होंगे नोएडा स्टेडियम में 12 टीमों के बीच 63 मैच
मथुरा। उत्तर प्रदेश कबड्डी लीग में भाग लेने जा रही ब्रज स्टार्स टीम ने अपने अभियान की शुरुआत धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के साथ की। भोर की प्रथम बेला में टीम के खिलाड़ियों और प्रबंधन ने वृंदावन पहुँचकर पूज्य संत प्रेमानंद महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान महाराज जी ने खिलाड़ियों को अंगवस्त्र पहनाकर शुभकामनाएं दीं। इसके बाद टीम ने यमुना जी का विधि-विधान से पूजन किया और श्री बांके बिहारी जी के दर्शन कर सफल अभियान का संकल्प लिया।
धार्मिक कार्यक्रमों के पश्चात टीम द्वारा आशीर्वाद यात्रा भी निकाली गई जिसमें स्थानीय लोगों का समर्थन मिला। दोपहर में मसानी रोड स्थित ओम पैराडाइस में आयोजित कर्टेन रेज़र कार्यक्रम में टीम का आधिकारिक थीम सॉन्ग लॉन्च किया गया।

बिल्डर /उधोगपति टीम के ऑनर राम अग्रवाल के हाथों ट्रॉफी का अनावरण हुआ। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री वृंदा ग्रुप के निदेशक राघव अग्रवाल ने कहा कि ब्रज स्टार्स टीम ब्रज की माटी और युवाओं की ऊर्जा का प्रतीक है। कार्यक्रम में यूथ आइकॉन रवि चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं टीम के को-ओनर नेत्रपाल सोलंकी ने संतों के आशीर्वाद और ब्रजवासियों के सहयोग के लिए आभार जताया। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश कबड्डी लीग का दूसरा सीजन 24 दिसंबर 2025 से 10 जनवरी 2026 तक चलेगा। ब्रज स्टार्स टीम 25 दिसंबर को अपना पहला मुकाबला खेलेगी। नोएडा स्टेडियम में 12 टीमों के बीच कुल 63 मैच आयोजित होंगे। कार्यक्रम में विशाखा अग्रवाल केके गौतम नीरज कौशिक अंकित त्रिपाठी रॉबिन चौधरी कप्तान ब्रज स्टार्स महेश शर्मा हरीश शर्मा उमेश भरद्वाज अनिरुद्ध चतुर्वेदी तिलक चतुर्वेदी पवन शर्मा दीपक अग्रवाल देवांश अग्रवाल बाँके बिहारी महेश्वरी जितेंद्र महेश्वरी आदि उपस्थित रहे।