शीत लहर से बचाव हेतु नगर निगम मथुरा-वृंदावन ने की 13 स्थानों पर रैन बसेरों में चकाचक व्यवस्थाए

मथुरा। शीतकालीन ऋतु में बढ़ती ठंड एवं शीत लहर को दृष्टिगत रखते हुए नगर निगम मथुरा-वृंदावन द्वारा शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर निराश्रित एवं बेसहारा व्यक्तियों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने हेतु शेल्टर होम एवं रैन बसेरों की समुचित व्यवस्था की गई है।

नगर निगम द्वारा संचालित समस्त जोनों के शेल्टर होम एवं रैन बसेरों में निराश्रितों की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए गद्दे, रजाई, कंबल,तकिए, गैस/इलेक्ट्रिक हीटर, साफ पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, मोबाइल टायलेट की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है साथ ही सभी रैन बसेरों को स्मार्ट रैन बसेरा के रूप में विकसित किया गया है। इन स्मार्ट रैन बसेरों में निराश्रितों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निःशुल्क वाई-फाई सुविधा, प्राथमिक उपचार हेतु फस्टेड बॉक्स, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, व्यक्तिगत सामान सुरक्षित रखने के लिए अलमीरा/लॉकर की व्यवस्था तथा दैनिक उपयोग हेतु दर्पण (मिरर) की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
महिलाओं की सुरक्षा एवं गरिमा को ध्यान में रखते हुए रैन बसेरों में पार्टीशन के माध्यम से महिलाओं हेतु पृथक आश्रय व्यवस्था भी की गई है।
नगर निगम ने नगला कोल्हू में 106 लोगों की बंगाली घाट पर 10 लोगों की भूतेश्वर रेलवे स्टेशन पर 10 लोगों की अटल्ला चुंगी वृंदावन में 10 लोगों की
परशुराम पार्क में 10 लोगों की मथुरा जंक्शन गेट पर 15 लोगों की मथुरा जंक्शन पर 15 लोगों की भूतेश्वर तिराहा पर 15 लोगों की लक्ष्मण शहीद वृंदावन में 20 लोगों की गोवर्धन चौराहा पर 15 लोगों की जिला अस्पताल मथुरा पर 15 लोगों की कालीदह के पास 25 लोगों की नया बस अड्डा पर 15 लोगों के ठहरने के इंतजाम किए गए है।
नगर आयुक्त जगप्रवेश द्वारा सभी रैन बसेरों में सफाई, शुद्ध पेयजल, प्रकाश, हीटर एवं रजाई-गद्दों आदि सभी व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने हेतु संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने जोन में स्थित रैन बसेरों का रात्रिकालीन औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करें। नगर निगम मथुरा-वृंदावन शीत लहर के दौरान किसी भी निराश्रित को असुविधा न हो, इसके लिए प्रतिबद्ध है और जरूरतमंदों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं मानवीय आश्रय उपलब्ध कराने हेतु निरंतर कार्यरत है।