खूबसूरत नजर आएगा मथुरा का लक्ष्मी नगर चौराहा, सभी भवनों का होगा एक सा लुक

मथुरा। मथुरा–वृंदावन महानगर का एंट्री प्वाइंट पल्ली पार लक्ष्मी नगर चौराहा अब फोर-लेन मार्ग के साथ खूबसूरत बनने जा रहा है। लक्ष्मी नगर से टैंक चौराहा तक इस मार्ग को फोर-लेन बनाने के साथ-साथ चौराहे को आकर्षक लुक देने की तैयारी है। इससे चौराहे के सभी आवासीय और व्यावसायिक भवनों का स्वरूप बदल जाएगा।
मंगलवार को लक्ष्मी नगर मार्ग का निरीक्षण मथुरा–वृंदावन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एस.बी. सिंह ने किया। उन्होंने मार्ग निर्माण कार्य की प्रगति देखी। इस दौरान उपाध्यक्ष एस.बी. सिंह ने बताया कि यह मार्ग मथुरा का प्रमुख प्रवेश द्वार है जिसके माध्यम से अलीगढ़, बरेली और यमुना एक्सप्रेस-वे के जरिए नोएडा, आगरा व लखनऊ से आने वाले श्रद्धालु शहर में प्रवेश करते हैं। इस मार्ग को आकर्षक बनाने के लिए फोर-लेन सड़क के मध्य डिवाइडर का निर्माण किया जा रहा है। स्थानीय लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्थान के अनुरूप वेंडिंग और पार्किंग जोन विकसित किए जाएंगे। सड़क के दोनों ओर फुटपाथ होंगे और इनके साथ पौधारोपण भी किया जाएगा। साथ ही आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी। फुटपाथ के साथ दोनों ओर नालों का निर्माण भी प्रस्तावित है।
उपाध्यक्ष एस बी सिंह ने बताया कि फोर-लेन मार्ग के साथ ही लक्ष्मी नगर चौराहे को भी नया और आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। यहां फसाड़ का काम किया जाएगा, जिससे चौराहे पर स्थित सभी भवन नए लुक में नजर आएंगे। चौराहे पर बने गोल चक्कर को भी सुंदर रूप दिया जाएगा। इस तरह यह मार्ग मथुरा शहर का खूबसूरत प्रवेश द्वार बनेगा, जो भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली की छवि प्रस्तुत करेगा।
उन्होंने बताया कि इस मार्ग पर यमुना और कृष्णापुरी तिराहा के मध्य स्थित पुलिया को भी चौड़ा किया जाएगा। इस सड़क की कुल लंबाई सात किलोमीटर से अधिक है।