मथुरा। मिशन शक्ति कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को किशोरी रमण कन्या इंटर कॉलेज की मेधावी छात्राएँ ख्याति अग्रवाल और दीप्ति शर्मा ने एक दिन के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) का कार्यभार संभाला। जिला टॉपर रही इन छात्राओं को यह अवसर देकर शिक्षा विभाग ने नारी शक्ति और प्रतिभा को मंच प्रदान किया। कार्यभार संभालते हुए दोनों छात्राओं ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार हेतु कई सार्थक सुझाव दिए। किशोरी रमण गर्ल्स इंटर कॉलेज में कक्षा 11 की छात्रा दीप्ति शर्मा ने कहा कि प्रत्येक विद्यालय में सभी स्ट्रीम (विज्ञान, वाणिज्य व कला) की पढ़ाई की सुविधा होनी चाहिए ताकि बच्चों को बाहर जाने की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि जो शिक्षक नियमित रूप से पढ़ाई नहीं कराते उनके खिलाफ कड़ी कार्यवाही हो। साथ ही विद्यालयों में छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित कर उनमें आत्मविश्वास और सुरक्षा का भाव पैदा किया जाए। प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उनकी योग्यता और रुचि के अनुरूप आगे बढ़ने का अवसर दिया जाना चाहिए।
इसी कालेज में इंटर की छात्र ख्याति अग्रवाल ने शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए स्किल डेवलपमेंट एजुकेशन पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि खेलकूद में छात्रों को प्रोत्साहन मिलना चाहिए, क्योंकि इस क्षेत्र में देश को अभी और आगे बढ़ने की आवश्यकता है। साथ ही नकल-विहीन परीक्षा प्रणाली पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है ताकि शिक्षा की गुणवत्ता बनी रहे।
दोनों छात्राओं ने विद्यालयों में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने, पुस्तकालय और प्रयोगशालाओं को सशक्त बनाने तथा मानसिक स्वास्थ्य पर जागरूकता कार्यक्रम चलाने का भी सुझाव दिया।
इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने छात्राओं के सुझावों की सराहना करते हुए आश्वासन दिया कि इन्हें योजनाओं में शामिल करने पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।
मिशन शक्ति के तहत छात्राओं को नेतृत्व का अवसर देकर उन्हें आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने की दिशा में यह एक सराहनीय पहल मानी जा रही है।