जन्माष्टमी के भव्य आयोजन को लेकर नगर निगम करा रहा है मथुरा वृंदावन में जोरदार कार्य

मथुरा। श्री कृष्ण जन्माष्टमी के भव्य आयोजन को लेकर नगर निगम प्रशासन ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। नगर आयुक्त जग प्रवेश एक एक बिंदु पर स्वंय निगरानी रखे हुए है। जिस तरह से नगर निगम द्वारा मथुरा वृंदावन में प्रकाश चित्रकारी सफाई पेंच वर्क कराया जा रहा है उसे देखकर स्थानीय लोग प्रसन्न नजर आ रहे है।
श्री कृष्ण जन्माष्टमी 2025 की भव्य तैयारियों को दृष्टिगत रखते हुए नगर आयुक्त जग प्रवेश द्वारा मथुरा-वृंदावन महानगर के संपूर्ण क्षेत्र में नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। इसमें साफ-सफाई, पैच वर्क, प्रकाश व्यवस्था, सौंदर्यीकरण, अतिक्रमण आदि सभी व्यवस्थाओं की समय पर पूर्ति सुनिश्चित करने हेतु परीक्षण एवं सुधारात्मक दिशा-निर्देश प्रदान किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में बुधवार को नगर आयुक्त ने वृंदावन नगर के प्रमुख मार्गों एवं परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई, अतिक्रमण मुक्तिकरण, एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का सूक्ष्म अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने वृंदावन परिक्रमा मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग के समीप गौरी गोपाल गौशाला के निकट कराई गई वॉल पेंटिंग तथा भगवान श्री कृष्ण के बाल गोपाल रूप में स्थापित की जा रही मूर्ति को देखा । उन्होंने अवर अभियंता निर्माण अरुण कुमार को निर्देश दिया कि कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाए ताकि गुरुवार को बाल गोपाल भगवान श्री कृष्ण की मूर्ति का उद्घाटन किया जा सके।
श्री बांके बिहारी मंदिर की ओर जाने वाले मार्गों पर रेलिंग, बैरियर, अतिक्रमण हटाना, प्रकाश व्यवस्था आदि सभी कार्य तत्काल करने के भी निर्देश दिए । इसके अलावा मथुरा-वृंदावन रोड पर सौ सैया तिराहा से हेलीपैड तक पौधों की कटाई-छंटाई एवं डिवाइडर पर वॉल पेंटिंग के कार्य को भी देखा। निरीक्षण में सहायक नगर आयुक्त अनुज कौशिक आदि निगम के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।