जन्माष्टमी पर 1500 से अधिक कर्मचारी मथुरा वृंदावन में सफाई कार्य करेंगे

मथुरा। इस बार की श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर नगर निगम ने प्लास्टिक पॉलिथीन मुक्त बनाने का संकल्प लिया है। श्री कृष्ण के जन्म के बाद तुरंत ही सफाई का विशेष अभियान चला कर सुबह होने तक व्याप्त कूड़ा करकट गंदगी को हटाया जाएगा। साथ ही बरसात होने पर श्री कृष्ण जन्म स्थान पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने पर विचार भी चल रहा है। श्री कृष्ण जन्माष्टमी व स्वतंत्रता दिवस पर महानगर के प्रमुख चौराहे व मार्गों को दुल्हन की तरह सजाया जाएगा। प्रकाश व्यवस्था को निर्बाध बनाये रखने के लिए अलग अलग स्थानों पर डेढ़ दर्जन जैनरेटर लगाए जा रहे है। तीन खोया पाया केंद्र बनाये जाएंगे। श्रीकृष्ण जन्मस्थान के गेट नंबर 3 के सामने मेडिकल कैम्प तथा तीन स्थानों पर जूता घर दो स्थानों पर प्रसाद वितरण केंद्र बनेंगे।
उक्त विचार आज महापौर विनोद अग्रवाल व नगर आयुक्त जग प्रवेश ने नगर निगम कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में व्यक्त किये। उन्होंने बताया कि इस बार श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर मथुरा आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 50 लाख से अधिक का अनुमान है। 14 अगस्त से 18 अगस्त तक 1500 से अधिक कर्मचारी सफाई व्यवस्था के कार्य को करेंगे। नगर के प्रमुख स्थलों व मार्ग के किनारे बॉल पेंटिंग बनवाई जा रही है। साथ ही श्रद्धालुओं के लिए पीने के पानी के टैंकर व प्याऊ लगाई जाएंगी जिसमें लगभग 8 लाख लीटर पानी की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह पर 52 मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था की जा रही है। जन्माष्टमी पर्व को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए स्वयंसेवी संस्थाओं की मदद से चौराहे पर व प्रमुख मंदिरों के आसपास डिस्पोजल व कपड़े के थैले वितरित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 50 लोगों को भंडारा लगाने की अनुमति दी गयी।