जल प्लावित ग्राम महरौली-जानू में डीएम ने किया निरीक्षण, क्षतिग्रस्त मकानों का सर्वे कराने के दिए आदेश
मथुरा। वर्षा ऋतु के दृष्टिगत हो रहे जलभराव के संबंध में ग्राम महरौली एवं जानू का निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सी पी सिंह ने ग्रामवासियों से वार्ता की तथा विभिन्न समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने खेतों में हो रहे जलभराव का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधानों सचिवों तथा लेखपालों को निर्देश दिए कि खेतों में पंप लगाकर पानी निकालने का कार्य किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि समन्वय स्थापित करते हुए जलभराव की समस्या का निराकरण करे। ग्रामवासियों द्वारा जलभराव की समस्या के निराकरण के विभिन्न उपाय जिलाधिकारी से साझा किए । जिलाधिकारी ने उनकी बातों को ध्यानपूर्वक सुना तथा लेखपाल व सचिव को निर्देश दिए कि विभिन्न पुलिया एवं नालों की सफाई कराए।
जिलाधिकारी ने लेखपाल एवं सचिव से ग्राम में क्षतिग्रस्त मकानों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त मकानों के परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जाए। प्रभावित परिवारों की सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराए।
जिलाधिकारी ने लेखपाल, सचिव तथा उप जिलाधिकारी गोवर्धन को निर्देश दिए कि सभी क्षतिग्रस्त मकानों का सर्वे कराए। सर्वे कराकर नियमानुसार मुआवजा दिया जाए। जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए कि सर्वे के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत नियमानुसार किसानों को मुआवजा दिलवाया जाए। उन्होंने आपदा प्रबंधन के माध्यम से भी किसानों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण में उप जिलाधिकारी गोवर्धन प्रजाक्ता त्रिपाठी संबंधित लेखपाल व ग्राम सचिव सहित ग्रामवासी मौजूद रहे।