लगातार हुई भारी बारिश से जलभराव को दूर करने में जुटी नगर निगम की टीमें, डेढ़ दर्जन से अधिक ट्रैक्टर पंप लगाए

नए बस स्टैंड की समस्या आई नियंत्रण में परन्तु भूतेश्वर तिराहे के हाल बेहाल, वृंदावन में परिक्रमा मार्ग नहर में हुआ तब्दील

मथुरा। महानगर में तेज बारिश के कारण प्रमुख चौराहा गलियों में जल भराव होने से नागरिकों के साथ साथ बाहरी स्थानों से आये श्रद्वालुओं को भारी परेशानियो का सामना करना पड़ रहा है। वृंदावन का परिक्रमा मार्ग तो नहर में तब्दील हो गया फिर भी बड़ी संख्या में आस्थावान लोग राधे राधे के जाप के साथ परिक्रमा करते देखे गए। गुरुवार को रुक-रुक कर हुई 4 घंटे की भारी वर्षा के कारण जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने पर नगर आयुक्त जग प्रवेश के निर्देशन में जल निकासी का कार्य निगम की टीम द्वारा लगातार किया गया।
नगर निगम की टीम ने प्रभावित स्थलों में तत्काल पहुंचकर जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की । अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार, महाप्रबंधक जल, अनवर ख्वाजा सहायक अभियंता, अवर अभियंता, नगर स्वास्थ्य अधिकारी तथा संबंधित सफाई निरीक्षक स्थल पर उपस्थित रहकर जल निकासी कार्य की निगरानी करते देखे गए
भूतेश्वर अंडरपास पर जल निकासी के लिए 04 स्थायी एवं 04 अतिरिक्त अस्थायी ट्रैक्टर पंप लगाए गए हैं। उसके बाबजूद घंटो तक यहाँ आवागमन सुचारु नहीं हो सका। नया बस स्टैंड अंडरपास पर जल निकासी हेतु 03 स्थायी एवं 03 अस्थायी ट्रैक्टर पंप क्रियाशील रहे जिस कारण यहाँ जल की निकासी जल्द हो गयी आवागमन पूर्णतः सुचारू है। कंकाली रोड पर जल निकासी के लिए लगाया गया एक ट्रैक्टर पंप सेट नाकाफी साबित हुआ।
भूतेश्वर अंडरपास पर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने हेतु बैरिकेडिंग कर मार्ग डायवर्ट किया गया है। सभी अधिकारी अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहकर जल निकासी करा रहे हैं ।