केशव देव मंदिर में नंद उत्सव की धूम, भजनों और प्रसाद वितरण से गुंजायमान हुआ परिसर

मथुरा। प्राचीन मंदिर ठाकुर श्री केशव देव मंदिर में शनिवार प्रातः ठाकुर जी को रजत सिंहासन पर विराजमान कर नंद उत्सव धूमधाम से मनाया गया। मंदिर प्रबंधन कमेटी, सेवायत गोस्वामी एवं श्रीकृष्ण सामूहिक संकीर्तन मंडल के तत्वावधान में मंदिर प्रांगण में भव्य आयोजन हुआ।
नंद उत्सव के दौरान संकीर्तन मंडल के सदस्यों ने भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। कृष्ण गोपाल शर्मा ने “नंद के आनंद भयो जय कन्हैया लाल”, मनमोहन आगरा ने “सारी सारी रात मैंने रोई रोई काटी, लाला जन्म सुनि आई यशोदा मैया दे दे बधाई”, महेश गोयल ने “झूले पलना में गोपाल बधाई दे दे री मईया” तथा विजय बंसल ने “जिओ श्याम लाला” भजन प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर ठाकुर जी के जयकारों से गूंज उठा। भक्तों को चंदन और पगड़ी पहनाई गई। मनमोहन आगरा द्वारा नंद बाबा और यशोदा का स्वरूप धारण कर भगवान का झूला झुलाया गया। इस अवसर पर संकीर्तन मंडल के सदस्यों ने माला, पोशाक, बांसुरी, बर्तन, मिठाई, फल, टॉफी, बिस्किट और खिलौने आदि कन्हैया जन्म की बधाई स्वरूप भक्तों में वितरित किए।

कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में सुरेश अग्रवाल, दीपक शर्मा, बृजनंदन शर्मा, दिलीप पांडे, योगेंद्र गोयल, गिरिराज सरन गोस्वामी, टीटू पहलवान, मुकुट मनी शर्मा, बृशभान शर्मा, जगदीश गोस्वामी, बिहारी लाल गोस्वामी, पीपी शर्मा, राजकुमार अग्रवाल, गुड्डू बंसल, मोहन वर्मा, नीरज वशिष्ठ एवं पार्षद गजानंद अग्रवाल सहित अन्य का सहयोग रहा।