DM-SSP , VC ने की वृंदावन के गोस्वामियों के साथ बैठक, अध्यादेश के बताए फायदे, गोस्वामी बोले हमको एक्ट नहीं है किसी कीमत पर स्वीकार

वृंदावन । श्री बांके बिहारी कॉरिडोर और अध्यादेश को लेकर चल रहे विरोध के बीच रविवार दोपहर को DM, SSP और विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष वृंदावन पहुंचे। यहां अधिकारियों ने मंदिर के गोस्वामियों के साथ गंभीर बैठक की। बैठक में अधिकारियों ने बांके बिहारी न्यास ऑर्डिनेंस को पैरा वाइज गोस्वामियों को समझाने की कोशिश की लेकिन गोस्वामियों ने एक सुर में कहा कि उनको यह ऑर्डिनेंस वर्तमान स्थिति में कदापि मंजूर नहीं है।

निकुंज भवन में हुई मीटिंग
बांके बिहारी मंदिर के VIP रोड पर स्थित जुगल किशोर गोस्वामी के निकुंज भवन पर रविवार दोपहर को एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में DM चंद्र प्रकाश सिंह, SSP श्लोक कुमार और मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्याम बहादुर सिंह, अपर नगर आयुक्त सी पी पाठक, सीओ सदर संदीप सिंह, अपर सिटी मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।

एक घंटे तक चली मीटिंग
मंदिर के गोस्वामियों के साथ शुरू हुई इस मीटिंग में अधिकारियों ने कहा कि बांके बिहारी मंदिर को लेकर सरकार जो अध्यादेश लाई है उससे मंदिर की व्यवस्थाएं बेहतर होंगी। इसके अलावा इस अध्यादेश से किसी का अहित नहीं होगा। DM चंद्र प्रकाश सिंह ने आश्वस्त किया कि जो इस समय पूजा पद्धति है वह निरंतर चलती रहेगी।


न्यास पर जताई आपत्ति
मीटिंग में शामिल मंदिर के पुजारी रजत गोस्वामी ने न्यास के लिए बनाई गई डीड पर आपत्ति जताई। रजत गोस्वामी ने कहा कि इस डीड में अन एक्सपेक्टेड अधिकार दिए गए हैं। इस अध्यादेश को लाकर सरकार ने आर्टिकल 25, 26 का हनन किया है। उन्होंने कहा कि हमको न्यास किसी कीमत पर स्वीकार नहीं है।

मंदिर में न हो सरकारी हस्तक्षेप
बैठक में विलास गोस्वामी ने कहा कि सेवायत मंदिर की व्यवस्था, पूजा और परंपरा में सरकारी हस्तक्षेप नहीं चाहते। उन्होंने कहा कि उनके निजी मंदिर में बाहर का व्यक्ति व्यवस्था क्यों देखेगा। हमको अल्प संख्यक बनाया जा रहा है। गोस्वामी मंदिर की व्यवस्था सुधारें इसके लिए आप सुझाव दीजिए। सरकार का धर्म है कि वह हमारी बात सुने।

सबका भला हो
बैठक में एसएसपी श्लोक कुमार ने कहा कि सभी का उद्देश्य है सबका भला हो किसी का नुकसान न हो। विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष श्याम बहादुर सिंह ने डीड पढ़कर सुनाई। उन्होंने कहा सेवा के लिए रोस्टर बनाया जाएगा यह कहा जा रहा है। यह सब अनर्गल बात हैं। सेवा पद्धति उसी तरह से चलेगी जैसी आज चल रही है।

बिना नतीजा खत्म हुई मीटिंग
करीब एक घंटे तक चली मीटिंग में कई बार अधिकारियों ने गोस्वामियों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन गोस्वामी ऑर्डिनेंस को न स्वीकार करने पर अड़े रहे। गोस्वामियों ने कहा कि उनको यह ऑर्डिनेंस मंजूर ही नहीं है। इसके बाद मीटिंग बेनतीजा रही और खत्म हो गई। DM चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा बातचीत का दौर खत्म नहीं हुआ आपस में बातचीत चलती रहेगी।