मथुरा में हुआ सर्वजातीय विवाह सम्मेलन

मथुरा । सर्व समाज सेवा समिति के तत्वावधान में गांव अड़ींग में 6 जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित हुआ। पहली बार आयोजित कार्यक्रम उत्साह पूर्वक सम्पन्न हुआ। इसमें सैनी-जाटव समाज के दो-दो, एक केवट तथा एक नरबरिया समाज का जोड़ा परिणय सूत्र में बंधा।
क्षेत्रीय विधायक मेघश्याम सिंह, एम एल सी ठा. ओम प्रकाश ने कन्यादान करने के साथ सभी जोड़ों को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर ने भी कार्यक्रम में शिरकत की। भाजपा जिला उपाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह राणा ने भी शुभकामनाएं दीं।
छहों जोड़ों की बारात बिहारी जी मन्दिर बगीची से प्रातः 10 बजे शुरू हुई। मुख्य बाजार से निकली बारात का नजारा अद्भुत था। कुआं वाली जात स्थल पर वरमाला का कार्यक्रम हुआ। इसमें जन प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने बढ़ चढ़ कर भाग लिया। सभी का स्वागत सत्कार समिति पदाधिकारियों ने पटुका-स्मृति चिन्ह देकर किया। बारातियों के भोजन-जलपान की व्यवस्था में ग्रामीणों का भरपूर सहयोग रहा।
सभी जोड़ों को बैंड, आलमारी, वाशिंग मशीन, फ्रिज, टीवी, कूलर आदि जरूरी घरेलू सामान प्रदान किया गया। समिति अध्यक्ष प्रताप सैनी ने सहयोग के लिए ग्रामीणों का आभार जताया।