योगी सरकार के आठ वर्ष पूर्ण होने पर मथुरा में होंगे भव्य आयोजन
मथुरा । कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया कि शासन की मंशाा के अनुसार केन्द्र सरकार के 10 वर्ष एवं प्रदेश सरकार के सेवा सुरक्षा एवं सुशासन नीति के सफलतापूर्वक 08 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद में 25, 26 और 27 मार्च 2025 को डैंपियर नगर पांचजन्य प्रेक्षागृह के सभागार में विविध कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे जिसके अन्तर्गत विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी, स्टॉल, फूड कोर्ट, रोजगार मेला, आरोग्य मेला, ऋण वितरण, सांस्कृतिक कार्यक्रम आदि का आयोजन किया जायेगा।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि त्रिदिवसीय कार्यक्रम के शुभारम्भ अवसर पर 25 मार्च को बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार)/प्रभारी मंत्री संदीप सिंह द्वारा किया जायेगा, 26 मार्च को राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अरुण कुमार सक्सेना द्वारा किया जाएगा तथा 27 मार्च को कैबिनेट मंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिलें लक्ष्मी नारायण चौधरी द्वारा कार्यक्रम का भव्य शुभारम्भ किया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी मनीष मीना ने उक्त त्रिदिवसीय कार्यक्रम को भव्य, आकर्षक एवं जनहितकारी बनाने के दृष्टिगत सभी जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया कि त्रिदिवसीय मेला/प्रदर्शनी/गोष्ठी में जनपद की विगत 08 वर्षों की उपलब्धियों, जनकल्याण की योजनाओं, स्थापित व निर्माणाधीन परियोजनाओं, नई औद्योगिक इकाईयों आदि के अच्छे फोटोग्राफ्स, मॉडल आदि को प्रदर्शित होंगी। विभागों द्वारा उनके विभाग से सम्बंधित कार्यो/योजनाओं के स्टॉल के माध्यम से प्रदर्शित किया जा रहा है, स्टाल पर सम्बन्धित विभाग अन्तर्गत संचालित योजनाओं की जानकारी की पुस्तिका, पम्पलेट आदि होगी, जिन योजनाओं में आवेदन प्राप्त करने की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है, उनके बारे में लोगों को जानकारी देंगे और पात्र लाभार्थियों के वहीं पर फार्म भराने की व्यवस्था भी करायी गई है।
तीन दिवसीय कार्यक्रम को अन्नदाता किसान की समृद्धि, महिला सशक्तिकरण, अवसंरचना विकास, युवा एवं रोजगार, हस्तशिल्प एवं ओडीओपी, सुरक्षित उद्यमी-समृद्ध व्यापार तथा अन्त्योदय से सर्वाेदय आदि थीम पर आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम अन्तर्गत लाभार्थियों को टूल किट, ऋण वितरण, चेक और विभिन्न योजनाओं से आच्छादित आदि का वितरण भी जनप्रतिनिधियों द्वारा कराया जाएगा।
बैठक में विधायक मांट राजेश चौधरी, विधायक बल्देव पूरन प्रकाश भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर उर्फ़ राजू यादव सहित सभी अपर जिलाधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।