विक्रम सैनी
चौमुहां । थाना जैंत क्षेत्र के अंतर्गत एक बाइक चोरी के आरोपी को पीडित ने ही दबोच लिया। आरोपी घबराकर चौमुहां के फलाईओवर से नीचे कूद गया। जिससे उसके पैरों में चोटें आ गई हैं। लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उसका इलाज चल रहा है। हाईवे स्थित जीएलए यूनिवर्सिटी से एमबीए कर रहे छात्र राघवेंद्र राय निवासी निकट कृष्ण बिहार कलोनी, मथुरा ने बताया कि वह शनिवार को अपनी इनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल संख्या यूपी 85 सी. एस. 6697 को खडी करके एमबीए का पेपर देने के लिए जीएलए विश्वविद्यालय में अंदर चला गया था। सांय करीब छह बजे वह जैसे ही बाहर निकला तभी देखा कि उसकी बाइक एक व्यक्ति लेकर उसके सामने से ही जा रहा था। तभी उसने अपने साथी की बाइक पर बैठकर तेजी से उसका पीछा किया। जैसे ही वह चौमुहां फलाईओवर के पास पहुंचा तो आरोपी बाइक छोडकर फलाईओवर से नीचे कूद गया। जिससे उसके पैरों में चोटें आ गई। लोगों ने उसको संयुक्त जिला चिकित्सालय वृंदावन में भर्ती कराया है। जहां उसका इलाज चल रहा है।
थानाध्यक्ष जैंत अश्वनी कुमार ने बताया कि चौमुहां फ्लाईओवर से कूदे बुलेट मोटरसाइकिल लेकर भाग रहे आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़ अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आशिक पुत्र जमील निवासी जुरहेरा थाना डीग राजस्थान बताया है। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जा रही है।