अमेठी में एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या , मायावती ने सख्त कार्रवाई की उठाई मांग

अमेठी । उत्तर प्रदेश में अमेठी जिले के शिवरतनगंज क्षेत्र में एक दुस्साहिक वारदात में एक ही परिवार के चार सदस्यों की गोली मार कर हत्या कर दी गयी है। मृतक परिवार किराए के मकान में रहता था। परिवार का मुखिया सरकारी स्कूल में शिक्षक था।घटना स्थल पर भारी तादात में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि मां अहोरवा भवानी चौराहे के पास बीती देर शाम किराए के मकान में रह रहे शिक्षक सुनील कुमार (35), पत्नी पूनम भारती (33), पुत्री दृष्टि (7) और लाडो (2) को अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मार दी। गोलियों की तड़तड़ाहट से जब तक आस पास के लोग घटना स्थल पर पहुंचे तक तक हमलावर फरार हो गए । सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस चार लोगों को सिंह पुर सीएचसी लेकर गई जहां चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि मृतक परिवार का मुखिया सुनील कंपोजिट विद्यालय पंहौना में अध्यापक पद पर कार्यरत था । मृतक सुनील मूल रूप से रायबरेली जिले के सुदामापुर का रहने वाला था।घटना स्थल पर कई थानों की पुलिस फोर्स मौजूद है। पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार ने पत्रकारों को बताया कि फॉरेंसिक टीम को मौके पर कुछ महत्त्व पूर्ण साक्ष्य मिले है जिनके आधार पर जल्द ही घटना के कारण और बदमाशों का पता लगाया जा सकेगा।

बसपा सुप्रीमो मायावती ने एक्स पर दिए गए अपने बयान में घटना को अति दुखद और चिंताजनक करार दिया है और मांग की है कि सरकार दोषियों के साथ ही पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए । उन्होंने कहा कि यूपी के अमेठी जिले में एक दलित परिवार के चार लोगों की एक साथ की गयी निर्मम हत्या की घटना अति-दुखद व चिन्ताजनक है। सरकार दोषियों व वहां के पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए ताकि अपराधी बेखौफ न रहें।