मथुरा। चार दिवसीय ब्रज भ्रमण पर आया 40 सदस्यीय विशेष दल बुधवार को राजस्थान पहुंच गया। यहां दल ने आदि बद्री, कामवन सहित विभिन्न मंदिरों के दर्शन करते हुए पर्यटन विकास की संभावनाएं तलाशी।
ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा क्षेत्र के विकास की योजना पर काम करने के लिए उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सह सर कार्यवाह कृष्ण गोपाल के नेतृत्व में 40 सदस्यीय दल ब्रज भ्रमण पर है। यह दल ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा के प्रमुख स्थलों को देख रहा है। बुधवार को दल ने राजस्थान क्षेत्र में आदिबद्री, काम वन, डींग, पूछरी का लौटा, नंदगांव, बरसाना, राधाकुंड के मंदिरों के दर्शन किए। यहां की पर्यटन संबंधी व्यवस्थाएं देखीं। मंदिरों के सेवायतों से बातचीत की। दर्शन को पहुंच रहे श्रद्धालुओं से भी वार्ता की।
गौरतलब रहे कि ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा क्षेत्र के प्रमुख तीर्थ स्थलों के इस भ्रमण कार्यक्रम की शुरुआत सोमवार को वृंदावन में श्री बांकेबिहारी मंदिर के दर्शन से हुई थी। दल ने राधादामोदार, राधा रमण, टाटिया स्थान के दर्शन किए थे। मंगलवार को गरुण गोविंद, केशवधाम, चिंताहरण घाट, ब्रह्मांडघाट, रमन रेती और बलदेव के दर्शन और जायजा लिया था। गुरुवार को यह दल गोवर्धन पहुंचेगा। यहां चंद्र सरोवर पर सुबह 11.30 बजे दल की बैठक होगी।
इस दौरान इस चार दिवसीय भ्रमण को लेकर अपने अपने अनुभव सभी सदस्य साझा करेंगे। दल में आरएसएस के अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख राम लाल भी मौजूद रहे। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सी ई ओ श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि ब्रज चोरासी कोस परिक्रमा क्षेत्र के प्रमुख तीर्थ स्थलों के विकास की योजना के लिए यह भ्रमण हो रहा है। दल में विशेषज्ञ भी शामिल हैं जो अपने सुझाव उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद को देंगे। साथ ही सरकार में संबंधित मंत्री और अधिकारियों को भी ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा को लेकर अपनी राय रखेंगे।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.