-रोम जल रहा था और नीरो बांसुरी बजा रहा था
-बाहरी प्रत्याशी समझ ही नहीं पाए मथुरा की जरूरतें
मथुरा। जनपद में बसपा प्रत्याशी सुरेश सिंह का जनसम्पर्क जोर पकड़ता जा रहा है। अलग अलग समाज के लोग उनको अपना समर्थन देने का वायदा कर रहे है। जनसम्पर्क के दौरान उन्होंने कहा कि जनपद में 65 प्रतिशत प्राथमिक स्कूलों में बच्चे जमीन पर बैठ कर पढ रहे हैं। शिक्षा क्षेत्र मानव संसाधन की बेहद कमी से जूझ रहा है। सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं। विकास की हालत यह है कि जिले में चार लाख परिवार हर महीने सरकारी राशन का इंतजार करते हैं। युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं। हर क्षेत्र में निराशा का माहौल है। देश और प्रदेश की सत्ता में बैठी संस्कारी पार्टी ने हालात यह बना दिये हैं कि हर महीने करीब 100 करोड की शराब मथुरा जनपद में लोग पी जाते हैं जिससे सरकार को करीब 65 करोड का राजस्व मिलता है। शराब की कमाई और जनता के शोषण से धन काम कर हाइवे बनवा रहे हैं और फिर टोल टैक्स से वसूली कर रहे हैं। जहां कभी दूध दही की प्रचूरता रहती थी वहां अब लोग शराब के नशे में डूबे हैं। तनाव में झगडे हो रहे हैं और परिवार बिखर रहे हैं। युवा तनाव में है और सरकार रोजगार देने की बजाय तनाव कम करने के टिप्स दे रही है। बाहरी प्रत्याशी आये और चुनाव भी जीत गये लेकिन वह स्थानीय जरूरतों को समझ ही नहीं सके। इस बार हमारे जनप्रतिनिधि ने हवाई वाहवाही लूटने में 10 साल गुजार दिये। इनकी समझ का आलम यह है कि जिस यमुना में गर्मी के मौसम में नाव चलाने के लिए भी ठीक से पानी नहीं रहता है, वहां क्रूज लाकर खडा कर दिया है। हमारे जनप्रतिनिधियों ने मथुरा में इस मुंहावरे पर मुहर लगा दी कि रोम जल रहा था और नीरो बांसुरी बजा रहा था।
बसपा प्रत्याशी सुरेश सिंह मंगलवार को राया क्षेत्र में प्रचार अभियान के दौरान लोगों से जनसंपर्क कर रहे थे। राया के चौधरी हॉस्पीटल पर बसपा प्रत्याशी का चांदी का मुकुट पहना कर जोरदार स्वागत किया गया। गांव गजू प्रधान नावाव सिंह ने स्वागत किया। गांव सोगरवार, गांव खड़िया, गांव नुनेरा, नगला अम्बू, सोनइ आदि दर्जनभर गांवों में बसपा प्रत्याशी का जोरदार स्वागत किया गया।