मथुरा। 12 दिन पूर्व घर से दौड़ लगाने को निकली किशोरी का मंगलवार सुबह यमुना में शव तैरता मिला है। शव की सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गयी। यमुना से शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिये भेजा है। मृतका के परिजनों ने किशोरी का अपहरण के बाद दुष्कर्म फिर हत्या कर शव फैंकने और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना जमुनापार की कृष्ण बिहार कालौनी निवासी 14 वर्षीय गुड़िया प्रतिदिन की भांति 20 दिस. को घर से दौड़ लगाने के लिये घर से निकली। देर शाम तक किशोरी घर नही लौटी तो परिजनों ने खोजबीन शुरू कर दी। परिजनों ने घटना की सूचना लक्ष्मी नगर चौकी पर पुलिस को दी। किशोरी की कहीं जानकारी न मिलने पर परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने 22 दिस.को गुमशुदगी दर्ज कर दी। तभी परिजनों ने पड़ौस के एक युवक पर गायब करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने युवक को पूछताछ के बाद छोड़ दिया था।
मंगलवार सुबह थाना सदर बाजार क्षेत्र के दामोदर पुरा के यमुना टीला पर शव तैरता मिला है। शव को देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मृतका के पिता जगवीर चौधरी ने बताया कि मृतका कक्षा 8 वीं की छात्रा थी। प्रतिदिन की भांति घर से दौड़ लगाने के लिये घर से निकली थी। किशोरी के शव का पोस्टमार्टम पैनल और विडियोग्राफी से कराया गया है। पिता का कहना है कि लक्ष्मी नगर चौकी प्रभारी से कई बार किशोरी को बरामद करने की गुहार लगायी थी। पुलिस ने वीआईपी ड्यूटी का हवाला देकर भागा दिया जाता था। पुलिस ने 10 दिन बाद तक किशोरी के दिये गये मोबाईल फोन की कॉल डिटेल और सीडीआर तक नहीं निकलवायी गयी। मृतका की मां ने बताया कि यदि पुलिस हमारी मदद करती तो आज हमारी बेटी जिंदा होती। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।