नए मेयर निगम के लिए भाग्यशाली, मथुरा-वृंदावन नगर निगम ने प्रदेश में किया दूसरी मर्तबा नंबर वन का खिताब हासिल

मथुरा। मथुरा वृंदावन नगर निगम ने मई माह के पश्चात जून माह में भी आइजीआरएस पोर्टल पर जनसुनवाई के मामले गुणवत्ता के साथ निस्तारण करने में प्रदेश के सभी नगर निगमो में प्रथम स्थान हासिल किया है। नए मेयर विनोद अग्रवाल के कार्यकाल में दूसरे महीने नंबर वन पर आना नगर निगम के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। मेयर श्री अग्रवाल का कहना है कि हमारे नगर आयुक्त अनुनय झा जन समस्याओ के निस्तारण को अपनी प्रथम प्राथमिकता बनाये हुए है जिसके परिणाम स्वरूप निगम नंबर वन पर लगातार काबिज चला आ रहा है।
सरकारी प्रवक्ता के अनुसार प्रदेश के सभी 17 नगर निगम में मथुरा वृंदावन नगर निगम ने मुख्यमंत्री संदर्भ सहित जनसुनवाई मामले निस्तारण में 90 में से 88 अंक प्राप्त किए हैं। इस प्रकार नगर निगम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। मई माह की भांति जून माह में भी पोर्टल पर दर्ज सभी मामले गुणवत्ता के साथ निस्तारित किए गए। डिफाल्टर संदर्भ में नगर निगम ने 20 में से 18 अंक हासिल किए हैं वही शिकायतकर्ता द्वारा दिए गए फीडबैक में भी शत-प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। कुल मिलाकर नगर निगम मथुरा ने 97.78 प्रतिशत प्राप्त कर रैंकिंग में नंबर वन का खिताब हासिल किया है।
इस उपलब्धि पर महापौर विनोद कुमार अग्रवाल का कहना है कि उनका प्रयास रहेगा कि नगर निगम के सभी अधिकारी कर्मचारी ईमानदारी पूर्वक कार्य करते हुए जनसुनवाई के मामलों में कोई ढिलाई नहीं बरते । नगर आयुक्त अनुनय झा ने निगम के अधिकारी कर्मचारियों से प्रथम स्थान पर निरंतर काबिज रहने के लिए जन सुनवाई मामले प्रथम वरीयता के साथ निस्तारित करने का आव्हान किया है।