गंगा दशहरा पर्वः मथुरा वृंदावन में यमुना के घाटों पर श्रद्धालुओं को सुलभ होंगी सभी व्यवस्थाएंः महापौर

मथुरा। मंगलवार को बृजवासियों द्वारा मनाये जाने वाले पतित पावनी गंगा मईया के प्राकट् दिवस गंगा दशहरा पर्व की तैयारियों को लेकर नगर निगम प्रशासन जुट गया है। इस क्रम में आज नवागत महापौर विनोद अग्रवाल एवं नगर आयुक्त अनुनय झा ने स्टीमर में बैठ कर यमुना के घाटों पर निगम प्रशासन द्वारा की जाने वाली व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इससे पूर्व श्रद्धालूओं के स्नानार्थ यमुना में पर्याप्त पानी की व्यवस्था निगम द्वारा अपने प्रयासों से कराई जा चुकी है।
गंगा दशहरा पर्व की व्यवस्थाओं के दृष्टिगत ध्रुव घाट से स्टीमर पर सवार हुए महापौर-नगरआयुक्त ने स्वामीघाट तक निगम की व्यवस्थाओं को देखा, विश्रामघाट पर महापौर श्री अग्रवाल स्टीमर से उतरे तो यहां पर स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान वार्ड संख्या 65 विपक्ष के कांग्रेसी पार्षद संतोष चतुर्वेदी ने उन्हें अपने वार्ड की समस्याओ को लेकर घेरना चाहा लेकिन इस दौरान महापौर ने अपने चेहरे पर मुस्कान लाते हुए जब उनके कहा कि बताईये क्या समस्या है उसका समाधान किया जायेगा इस पर पार्षद निशब्द हो गये और उन्हें अपना बडा भाई बताने लगे। यहां महापौर ने निगम की व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए बताया कि घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधार्थ सभी व्यवस्था की है महिलाओं के लिए विशेष इंतजामात किये गये है। यमुना स्नान के दोनों ओर 6-6 गोताखोर, बैरीकेटिंग, शरबत की प्याऊ आदि सभी व्यवस्था की गयी है जिनका उनके द्वारा निरीक्षण भी कर लिया गया है कुछ कमियां रह गयी थी जिन्हें दूर करने के अधिकारी-कर्मचारियों को निर्देश दिये गये है। यमुना में पर्याप्त जल राशि के सवाल पर उन्होंने बताया कि जल पर्याप्त है इसकी व्यवस्था निगम की ओर से पूर्व में ही करा ली गयी है। शेष व्यवस्थाओं को निगम कर्मचारी कल सुबह 4 बजे तक पूरी कर लेेंगे। श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नही होने दी जायेगी।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त श्री झा द्वारा महापौर श्री अग्रवाल को नगर निगम द्वारा जा रही समस्त व्यवस्थाओं के सम्बन्ध में अवगत कराया गया। नगर निगम मथुरा-वृन्दावन द्वारा गंगा दशहरा पर स्नानार्थियों के सुविधा को दृष्टिगत रखते हुये यमुना जी के दोनो तरफ चैजिंग रूम बनाये गये है एवं यमुना जी की धारा में दोनो साइड स्नान हेतु वेरीकेटिंग करायी गयी है, कैम्प कार्यालय बनाने के साथ 12 गोताखोर एवं 20 नाव (स्टीमर सम्मिलित) की व्यवस्था की गयी है एवं नगर निगम के कर्मचारियों की शिफ्ट वाईज डयूटी लगायी गयी है। इसके अतिरिक्त रात्री में प्रकाश व्यवस्था हेतु घाट किनारे एवं आस-पास लगी सभी स्ट्रीट लाइट एवं हाईमास्क लाइट की सुचारू करा दिया गया है। इसके साथ ही स्टीमर के साथ पी.ए.सी. जवान तैनात रहेंगे।
नगर आयुक्त द्वारा स्थानीय जनता एवं स्थानानार्थियों से अपील की है कि घाटों पर साफ-सफाई बनाये रखें। नगर निगम द्वारा उक्त पर्व जीरो वेस्ट इवेन्ट के रूप में मनाये जाने का पूर्ण प्रयास किया जा रहा है। वृन्दावन नगर में केशीघाट पर विशेष सफाई, प्रकाश आदि समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही है।
निरीक्षण में हिंदूवादी नेता गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी, सहायक नगर आयुक्त डी के सिंह, महाप्रबंधक जलकल विजय प्रकाश मोर्य, शिवकुमार गौतम मुख्य कर निर्धारण अधिकारी, मुख्य अभियंता सिविल ए.के. सिंह, सहायक अभियंता सिविल शशांक सिंह, निरीक्षक हरिकृष्ण शर्मा, पार्षद कुंजबिहारी चतुर्वेदी, ब्रजेश खरे, प्रमोद बंसल ,अनुराग चतुर्वेदी, यशराज चतुर्वेदी, गगन निषाद, आदित्य कनौडिया महेश काजू आदि मौजूद रहे।