मथुरा । प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह के तहत शहर में नगर निगम मथुरा-वृन्दावन द्वारा बीएसए इंजी. कॉलेज के प्रांगण में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 22 हिन्दू समाज के जोड़ों ने मंत्रोच्चार के बीच 7 फेरे लिये तो वहीं मुस्लिम समाज के 1 जोड़े को मौलवी ने निकाह पढाया।
कार्यक्रम में फूलडोल महाराज एवं मथुरा-वृन्दावन के विधायक श्रीकांत शर्मा बतौर मुख्य अतिथि के रुप में शामिल हुए। मुख्य अतिथियों और महापौर डा. मुकेश आर्यबन्धु एवं नगर निगम के पार्षदगणों द्वारा सभी जोड़ों को प्रमाण पत्र प्रदान किये गये।
इस दौरान विधायक श्रीकांत शर्मा ने कहा कि सरकार की मंशा है सरकार की योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद व्यक्ति को मिलना चाहिए। हर वर्ष की भांति इस साल भी सामूहिक विवाह कार्यक्रम के अंतर्गत भी बिना किसी भेदभाव के गरीब कन्याओं के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
इस अवसर पर महापौर डा. आर्यबन्धु ने कहा कि नगर निगम मथुरा-वृन्दावन द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में हिंदू और मुस्लिम दोनों समाज के जोड़ें शामिल हुए हैं। आयोजन के अन्तर्गत हिन्दू समाज के जोड़ों का मंत्रोच्चारण के बीच 7 फेरे लेकर एवं मुस्लिम समाज के जोड़े को मौलवी द्वारा निकाह पढाकर विवाह सम्पन्न कराया गया है।
नगर आयुक्त अनुनय झा द्वारा बताया गया कि सामूहिक विवाह में पंजीकृत कन्याओं के खाते में प्रति कन्या 35 हजार की धनराशि हस्तांतरित करने एवं विवाह सामग्री देते हुये वर-वधु एवं उनके परिवारीजनों हेतु भोजन का प्रबंध किया गया है। कार्यक्रम में नगर निगम पार्षदों के अलावा अपर नगर आयुक्त क्रान्तिशेखर सिंह, सहायक नगर आयुक्त धीरेन्द्र कुमार सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी शिवकुमार गौतम, कर निर्धारण अधिकारी रामेश्वर दयाल, अधिशासी अभियंता सुरेन्द्र प्रसाद मिश्रा आदि नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.