बारिश से मांट में सबसे अधिक तबाही, फसल बर्बाद होने से विधायक दुखी, मुआवजा दिलाने का किया वायदा

मथुरा। किसानों की फसल पर कहर बनकर टूट रही बरसात से विचलित विधायक राजेश चौधरी ने अपने विधान सभा मांट क्षेत्र के छत्तीसी क्षेत्र के गांव भदनवारा, नयावास, टेंटीगांव आदि स्थानों पर गाड़ी से उतर कर पैदल और बाइक के सहारे नजदीकी से बर्बाद फसल को देखा।
रविवार को भाजपा विधायक राजेश चौधरी काफी विचलित दिखे। उनकी चिंता का कारण यह था कि इंद्रदेव का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा था। अतिवृष्टि से किसानों की गाढ़ी मेहनत से तैयार पककर खड़ी फसल कटने को तैयार है मगर अतिवृष्टि ने किसानों के आशाओं पर तुषारापात कर दिया हो। विधायक राजेश चौधरी छत्तीसी क्षेत्र के गांव भदनवारा, नयावास पहुंचे वहां उन्होंने खेतों में पैदल चलकर असलियत को जाना। किसानों ने उन्हें दुखी मन से अपना दर्द साझा किया। विधायक ने कहा कि वह भी किसान के बेटे हैं, और आज भी किसानी करते हैं। किसानों का दर्द भली-भांति समझते हैं। विधायक ने देखा कि नयावास गांव को पानी ने चारों तरफ से घेर लिया है। पानी की समुचित निकासी की स्थाई व्यवस्था के लिए उन्होंने साथ चल रहे एसडीएम इंद्र नंदन सिंह को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। तहसीलदार मनीष कुमार को भी बीच-बीच में विधायक बर्बाद फसल का सर्वे कराने के लिए कहते हुए दिखाई दिए। एक किसान तो विधायक को हाथ पकड़ कर अपने खेत में ले गया और बर्बादी को दिखाते हुए फूट-फूटकर रो पड़ा। विधायक ने किसान को ढांढस बंधाया। बताते चलें कि छत्तीसी क्षेत्र में धान की खेती बड़े पैमाने पर होती है। किसानों की आजीविका बहुत कुछ धान की खेती पर निर्भर है। फसलों का निरीक्षण करने के उपरांत विधायक राजेश चौधरी ने कहा कि किसानों की बर्बाद फसल को देखकर वह काफी व्यथित हैं। किसान का दर्द अच्छे से समझता हूं, क्योंकि मैं भी किसान का बेटा हूं और इस बारिश से मेरी भी 14 बीघा में बोई हुई सरसों की फसल नष्ट हो गई है मैं लगातार किसानों के बीच रहकर फसल का सर्वे करवाऊंगा किसानों को उचित मुआवजा दिलाने के लिए मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री से वार्ता करेंगे।
इस दौरान उनके साथ भाजपा के मण्डल अध्यक्ष दिनेश आचार्य किसान मोर्चा जिला मंत्री पंकज लवानिया चौकी प्रभारी धीरज यादव जसवंत सिंह अंगूर सिंह प्रधान मुकेश प्रधान किसान सुरेश चंद राजा राम बंटी पप्पू रघुराज सिंह कंपू गुलाब सिंह आदि मौजूद रहे।