निगम में स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 6 सफाई मित्र सम्मानित, राष्ट्रपिता गांधी-भारत रत्न शास्त्री की मनाई जयन्ती
मथुरा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयन्ती रविवार को नगर निगम मथुरा-वृन्दावन के मथुरा कार्यालय के सभागार में मनाई गयी। जयन्ती के पावन अवसर पर नगर निगम भवन पर महापौर डा. मुकेश आर्यबन्धु एवं नगर आयुक्त अनुनय झा द्वारा ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान का गायन हुआ।
निगम के सभागार में महात्मा गांधी एवं शास्त्री जी के चित्रपटों पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किये गये। पुष्पार्चन के उपरांत नगर निगम की लेखाधिकारी डा. गीताकुमारी एवं स्टैनो राजकुमारी शर्मा द्वारा बापू के प्रसिद्ध भजन “वैष्णव जन‘‘ का पाठ किया गया। महापौर ने सभी को स्वच्छता की शपथ दिलायी ।
इस अवसर पर स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 06 सफाई मित्रों को शाॅल प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया ।

महापौर डा. मुकेश आर्यबन्धु ने कहा कि गांधी जयन्ती को विश्व अहिंसा दिवस एवं राष्ट्रीय स्वच्छता दिवस के रूप में मनाया जाता है। आज ही जय-जवान-जय-किसान का नारा देने वाले शास्त्री जी की भी जयंती है, स्वतंत्रता के बाद देश में होने वाले सुधारों के लिए शास्त्री जी को सदैव याद किया जायेगा।
नगर आयुक्त अनुनय झा ने कहा कि गांधी जी का पूरा जीवन हर नागरिक के लिए एक संदेश है, जो सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। आज महात्मा गांधी की जयन्ती के साथ-साथ देश के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की भी जयंती है, शास्त्री जी ने देश को स्वतंत्रता और आत्मनिर्भरता दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
कार्यक्रम में पार्षद रामदास चतुर्वेदी ने भी पूज्य बापू एवं शास्त्री जी के जीवन से सम्बन्धित महत्वपूर्ण पहलुओं पर व्याख्यान दिया।
धन्यवाद ज्ञापन सहायक नगर आयुक्त राज कुमार मित्तल द्वारा संचालन डा. श्यामपाल द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में पार्षद चन्द्रभान, सहायक नगर आयुक्त डी. के. सिंह लेखाधिकारी डा. गीता कुमारी मुख्य कर निर्धारण अधिकारी एस.के. गौतम नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. के.ए. कुरैशी लेखाकार विकास गर्ग स्वच्छता निरीक्षक केके सिंह नीरज कुमार दीपक कुमार विपिन सिंह मुकेश शर्मा लिपिक दिनेश चन्द्र शर्मा राजेश यादव गोविन्द सिंह चौहान आदि समेत प्रवर्तन दल की सम्पूर्ण टीम उपस्थित रही।