होलीगेट के प्राचीन मंदिर दाऊजी महाराज में धूमधाम से मना जन्मोत्सव

मथुरा। बृज के राजा योगीराज भगवान श्रीकृष्ण के बड़े भाई बलराम जी का जन्मोत्सव बल्देव छट के रूप में जनपद में धूमधाम से मनाया जा रहा है। शहर के ह्नदय स्थल होलीगेट स्थित प्राचीन मंदिर दाऊजी महाराज में सुबह से दर्शन के लिये भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिर के सेवायत राजू पण्डित ने अपने साथियों के साथ दाऊजी महाराज व रेवती जी का पंचामृत अभिषेक किया। अभिषेक के पश्चात श्रंगार कर आरती उतारी गई तथा चरणामृत व प्रसाद वितरित किया गया। दोपहर बाद छप्पन भोग का प्रसाद लगा कर श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ रखा गया।
क्षेत्रीय लोगों ने मंदिर पहुंच कर बृज के राजा को माखन, मिश्री का भोग लगा कर वितरित किया। पूरे दिन होली गेट से गुजरने वाले राहगीरों को ठण्डा शरबत व प्रसाद वितरित किया गया। रात्रि में छप्पन भोग की प्रसादी वितरण व भंडारे की व्यवस्था भी मंदिर के सेवायत राजू पण्डित द्वारा की गई है। दर्शनार्थियों में प्रमुख रूप से सामाजिक कार्यकर्ता गुड्डू गौतम, श्रमजीवी पत्रकार संघ के अध्यक्ष नरेन्द्र भरद्धाज, अजय शर्मा, संजय शर्मा पिपोनिया, पंकज पण्डित, लक्की शर्मा, कान्हा अग्रवाल, बिन्देश चतुर्वेदी, सुभाष सैनी, अनुज चतुर्वेदी, गिरधारी अग्रवाल, अजय अग्रवाल आदि मौजूद रहे।