जन्माष्टमी पर मथुरा-वृंदावन में चाक-चौबंद व्यवस्था करने के लिए नगर निगम युद्ध स्तर पर जुटा

मथुरा। 19 अगस्त को होने वाले श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर जन सुविधाओं की तैयारियों में नगर निगम मथुरा वृंदावन युद्ध स्तर पर जुट गया है। शनिवार को जन्माष्टमी की व्यवस्थाओं की समीक्षा वृंदावन स्थित टी एफ सी पर नगर आयुक्त अनुनय झा द्वारा की गई।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियों की समीक्षा में नगर आयुक्त श्री झा ने मंदिरों के आस-पास विशेष सफाई, मार्ग सफाई आदि हेतु क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया । इसी प्रकार सडक पर पेच वर्क बाॅल पेन्टिग को कहा गया। सहायक अभियंता प्रकाश को कहा गया कि मार्ग प्रकाश व्यवस्था को दुरूस्त किया जाये तथा किसी भी दशा में स्ट्रीट लाइट रात्रि में बन्द न पायी जाये। साथ ही तिरंग लाइटों को निरीक्षण कर सही करा लिया जाये। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के सुविधार्थ हेतु पार्किंग स्थलों का चयन का सुचारू कराये जाने एवं पार्किंग स्थल पर क्लाॅक रूम स्थापित कराये जाने हेतु मुख्य कर निर्धारण अधिकारी को निर्देशित किया गया। जलकल विभाग के सभी अभियंताओं को निर्देश दिए कि पर्व के दौरान जल भराव, लीकेज की समस्या न होने पाये। आवश्यकतानुसार नगर निगम क्षेत्रान्तर्गत पानी के टैंकर एवं मोबाइल टाॅयलेट जगह जगह खडे कराये जाये।
नगर आयुक्त श्री झा ने उ.प्र. जल निगम (ग्रामीण) आगरा एवं उ.प्र. जल निगम मथुरा के परियोजना प्रबंधक को निर्देशित किया कि जल निगम द्वारा खोदी गयी सडकों की मरम्मत तत्काल करा लें इसके साथ ही सभी प्रमुख मार्गों का निरीक्षण कर लें ताकि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पडें। बैठक में उपसभापति/पार्षद राधाकृष्ण पाठक सहित नगर निगम मथुरा-वृन्दावन के सभी अधिकारी, अधीनस्थ कर्मचारी तथा उ.प्र. जल निगम आगरा एवं मथुरा के परियोजना प्रबंधक उपस्थित रहे।