आजादी का अमृत महोत्सव आयोजन में इस बार 15 अगस्त को समूचा बृज मंडल नजर आयेगा तिरंगामय, सरकारी भवनों पर होगी भव्य लाईटिंग
मथुरा। आजादी का अमृत महोत्सव आयोजन के अंतर्गत 75 वर्ष पूर्ण होने पर इस बार समूचा बृज मंडल तिरंगामय नजर आयेगा। निजी संस्थान, प्रतिष्ठान, बाजारों के अलावा सरकारी भवनों पर शान के साथ तिरंगा लहरायेगा। इस दौरान सरकारी कार्यालय भवन तिरंगा लाईटिंग से भव्यता और अपनी शान की अद्भुत छटा बिखेरते नजर आयेंगे।
मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण ने आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में व्यापक तैयारियां की है।
उपाध्यक्ष नगेन्द्र प्रताप के अनुसार रूकमणि विहार आवासीय कॉलौनी, टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेन्टर, जनसुविधा केन्द्र, साइट ऑफिस, प्राधिकरण कार्यालय, रसखान समाधि स्थल पर हजारों की संख्या में तिरंगा ध्वज लगाये जायेंगे। सौ शय्या अस्पताल के पास टीएफसी सेन्टर पर तिरंगा बैलून लगाया जायेगा। इसके अलावा वृन्दावन के परमेश्वरी देवी धानुका विधालय में 15 अगस्त को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राजा देवी सिंह की स्मृति में नाट्य मंचन का आयोजन किया जायेगा ।
उन्होंने बताया प्रधान मंत्री और मुख्यमंत्री के आव्हान को दृष्टिगत रखते हुए इस बार 15 अगस्त पर श्रीकृष्ण की नगरी में चहुंओर तिरंगा ही तिरंगा नजर आयेगा। रात्रि में तिरंगा लाईटिंग सभी का मन मोह लेगी। इसी दिन वृन्दावन में कुंभ स्थल देवराह बाबा घाट के समीप पतंगबाजी का आयोजन किया जायेगा। इस प्रतियोगिता में दूर दराज के पतंगबाज अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के दौरान तिरंगा युक्त गुब्बारे आसमान में छोड़े जायेंगे।