मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व की तैयारियों की समीक्षा प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग मंत्री जयवीर सिंह एवं गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकरण के सभागार में शुक्रवार को की । मंत्री द्वय ने इस मौके पर बैठक में मौजूद मंदिरो के सेवायतों से वार्ता की। मंत्री द्वय ने कहा कि हर साल की अपेक्षा इस साल ज्यादा श्रद्धालु मथुरा आयेंगे इसलिए पहले से व्यापक रूप से तैयारियां करनी होंगी। श्रद्धालुओ को बृज भूमि की पवित्रता और इसकी पौराणिक अस्तित्व से अवगत कराना है। कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी का विशेष ध्यान ट्रैफिक के ऊपर रहा उन्होंने कहा कि चौराहों पर पुलिस के साथ-साथ सिविल डिफेंस के सहयोग से जाम पर अंकुश लगाए श्रद्धालुओं से प्यार से बात करें जिससे ब्रज की अच्छी छवि पूरे देश में फैले।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मंदिरों के साथ-साथ चौराहों को भी सजाने तथा सड़कों पर लाइटिंग करने की अच्छी व्यवस्था की जाये तथा लोगों से भी अपने घरों को सजाने की अपील की जाये। पार्किंग आदि की समुचित व्यवस्था की जाए जिससे किसी भी श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना ना करना पड़े। नगर निगम, पुलिस, एमबीडीए तथा मंदिर के सेवायतों से इस भव्य कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना योगदान दें और जन्माष्टमी की व्यवस्थाओं को बेहतर से बेहतर बनाने का प्रयास करने को कहा गया। बैठक में नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत तथा पंचायती राज विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गये कि सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए और लोगों के लिए जगह जगह पर मोबाइल शौचालय तथा पेय जल की व्यवस्था दुरूस्त की जाए। इस मौके पर नगर निगम के आयुक्त अनुनय झा ने बताया कि 26 मोबाइल शौचालय और 63 वाटर टैंकर की व्यवस्था की गयी है।
बैठक में उपाध्यक्ष ब्रज तीर्थ विकास परिषद शैलजाकान्त मिश्र ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को 24 घंटे बिजली की आपूर्ति के निर्देश देते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को टूटी फूटी रोड की मरम्मत का कार्य शीघ्र पूर्ण करने स्वास्थ्य विभाग को कंट्रोल रूम, एम्बुलेंस, मेडिसन की पर्याप्त मात्रा और अस्थायी अस्पताल की पहले से तैयारी कर ने व पुलिस विभाग के अधिकारियों यमुना पर गोता खोर और पुलिस वालों की ड्यूटी लगायी जाने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने बताया कि जनपद में मुख्य मंच लीला मंच के अलावा 16 छोटे छोटे मंच विभिन्न स्थानों पर बनाए जाएंगे। जिस पर विधायक बल्देव पूरन प्रकाश ने बल्देव और गोकुल में भी मंच बनाने के प्रस्ताव रखे। मुख्य कार्यपालक अधिकारी उ प्र ब्रज तीर्थ विकास परिषद नगेन्द्र प्रताप ने बताया कि 18 प्रमुख स्थानों पर सजावट की जाएगी और पोलों पर लाइटिंग का कार्य किया जाएगा। उन्होंने शोभा यात्रा के बारे मे बताया और कहा कि इस यात्रा में विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है जिसमें लोग बढ़-चढ़ कर भाग लेते हैं।
बैठक में विधायक मांट राजेश चौधरी, विधायक गोवर्धन मेघश्याम सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु शर्मा, उत्तर प्रदेश व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष रविकांत गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. नितिन गौड़, पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक, सुरक्षा एवं सिटी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सदर प्रशांत नागर, सचिव एमबीडीए राजेश कुमार आदि उपस्थित थे।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.