अधिकारी बिना जन प्रतिनिधियों की इच्छा के नहीं करें विकास कार्य : बृजेश पाठक

मथुरा। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने शनिवार को वृन्दावन में टीएफसी सेंटर पर जनपद में चल रहे विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की बिंदुवार समीक्षा की।
उपमुख्यमंत्री श्री पाठक ने बैठक में निर्देश दिये कि जनपद के चहुमुंखी विकास के लिए जिस चीज की आवश्यकता हो उसे उनको लिखित में अवगत करा दें। कमियों को तत्काल दुरूस्त करें, अगले 25 दिन बाद लिखित रिर्पोट उनको प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था, निराश्रित, दिव्यांग पैंशन के प्रकरण किसी भी हालत में लम्बित नही रहने चाहिए, जिनको पैंशन नही मिल रही उनके लिए कैम्प लगाकर आवेदन स्वीकार करें।

बैठक में उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कहा कि सरकारी अस्पतालों में डिलीवरी होने पर जच्चा बच्चा को तीन दिन पश्चात डिस्चार्ज करें ताकि दोनों के सभी वैक्सीनेशन लग सकें। उप मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को कहा कि वह विकास कार्यों में जनप्रतिनिधियों की इच्छा का पूरा सम्मान करें, विचार विमर्श के उपरांत फायनल निर्णय करें।
बैठक से पूर्व उप मुख्यमंत्री ने श्री बिहारी जी मंदिर में विधि-विधान से पूजा अर्चना की। बातचीत में उन्होंने मीडिया कर्मियों से कहा कि बिहारी जी से प्रदेश की खुशहाली की कामना की है। बैठक के पश्चात श्री पाठक भाजपा अनुसूचित मोर्चा के कार्यक्रम में भाग लेने के लिए प्रस्थान कर गये।

बैठक में विधायक राजेश चौधरी, ठा. मेघश्याम सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष मधु शर्मा, नगर निगम के मेयर डॉ.मुकेश आर्य बंधु, जिला पंचायत चैयरमैन चौ. किशन सिंह के अलावा जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल, मुख्य विकास अधिकारी डा. नितिन गौड़, एसपी (सिटी) एम.पी. सिंह, मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकरण के सचिव राजेश कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त क्रांतिशेखर सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. अजय वर्मा आदि मौजूद रहे।